1. Hindi News
  2. विदेश
  3. अमेरिका
  4. पीएम मोदी बोले-भारत-अमेरिका की साझेदारी 21वीं सदी की दुनिया की बेहतरी के लिए, देश की अर्थव्यवस्था रफ्तार में

पीएम मोदी बोले-भारत-अमेरिका की साझेदारी 21वीं सदी की दुनिया की बेहतरी के लिए, देश की अर्थव्यवस्था रफ्तार में

 Published : Jun 24, 2023 06:57 am IST,  Updated : Jun 24, 2023 06:57 am IST

वॉशिंगटन के रोनाल्ड रीगन में भारतीय मूल को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि भारत अमेरिकी साझेदारी सिर्फ व्यापार के लिए नहीं है। यह 21वीं सदी की दुनिया की बेहतरी के लिए है। उन्होंने यह भी बताया कि भारत की अर्थव्यवस्था दुनिया में सबसे तेज रफ्तार से आगे बढ़ रही है।

नरेंद्र मोदी, प्रधानमंत्री- India TV Hindi
नरेंद्र मोदी, प्रधानमंत्री Image Source : FILE

अमेरिका के रोनाल्ड रीगन में भारतीय समुदाय के लोगों को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि भारत अमेरिका के बीच का रिश्ता सिर्फ व्यापारिक ही नहीं, बल्कि भावनात्मक रूप से भी मजबूत हो रहा है। इसमें आपकी भूमिकी बड़ी है। यह पार्टनरशिप 21वीं सदी की दुनिया को फिर से बेहतर बनाने के लिए है। प्रधानमंत्री ने कहा कि इस साझेदारी का फायदा दुनिया के तमाम देशों को होगा। यह विश्व की बेहतरी के लिए है। भारतीय लोगों से प्रधानमंत्री ने कहा किआपका भरोसा, विश्वास मेरे दिल में आज भी है और कल भी रहने वाला है।

नासा के साथ इसरो भेजेगा एस्ट्रोनॉट

भारत अमेरिका ने जो समझौता किया है, वह अंतरिक्ष में बहुत सारी संभावनाओं का द्वार खेलने जा रहा है। अमेरिका का आर्टिमिस प्रोग्राम बहुत बड़ा है। भारत का इसरो नासा के साथ एस्ट्रोनाट भेजने जा रहा है। इसको लेकर बात हुई है। भारतीय एस्ट्रोनाट्स को एडवांस ट्रेनिंग भी अमेरिका देगा। इसलिए मैंने कल कहा कि "स्काई इज नो लिमिट"। यह समझौता सिर्फ कुछ नीतियों को आगे बढ़ाना नहीं, बल्कि दोनों देशों के करोड़ों लोगों के भाग्य को आगे बढ़ाने और बदलने के लिए है। यह लोगों के सपनों को पूरा करने के लिए है।

 

भारत की अर्थव्यवस्था तेज रफ्तार में

पीएम मोदी ने कहा कि आप भारत की हर उपलब्धि से खुश होते हैं गर्व करते हैं कि दुनिया के इतने सारे देश यूएन हेडक्वार्टर पर योग के लिए जुटते हैं। आप गर्व करते हैं, जब यहां के सुपर मार्केट में मेड इन इंडिया प्रोडक्ट दिखता है। जब भारत के लोग दुनिया की बड़ी कंपनियों को नेतृत्व देते देखते हैं, और जब नाटू-नाटू की धुन पर पूरी दुनिया थिरकने लगती है तो आप गर्व करते हैं। आज भी आप गर्व से भरे हैं कि कैसे भारत का सामर्थ्य पूरे विश्व के विकास को दिशा दे रहा है। भारत दुनिया के उन देशों में से एक है, जहां अर्थव्यवस्था तेजी से आगे बढ़ रही है। पूरे भारत की नजर आप पर है। आप सोच रहे होंगे कि आखिर ये कैसे हो रहा है। ये किसने किया है। साथियों ये मैंने नहीं किया, मोदी ने नहीं किया।

नए भारत में अपने संकल्पों को लेकर कोई कन्फ्यूजन नहीं है

प्रधानमंत्री ने कहा कि भारत में हो रही इस प्रगति का सबसे बड़ा कारण है भारत का आत्मविश्वास। 140 करोड़ भारतवासियों का आत्म विश्वास है। सैकड़ों वर्षों की गुलामी ने ये आत्म विश्वास हमसे छीन लिया था। आज जो नया भारत हमारे सामने है, उसमें वो आत्मविश्वास लौट आया है। ये वो भारत है, जिसे अपना रास्ता पता है, दिशा पता है। ये वो भारत है, जिसे अपने निर्णयों और संकल्पों पर कोई कन्फ्यूजन नहीं है। ये वो भारत है, जो अपने पोटैंशियल को परफॉर्मेंस में बदल रहा है। साथियों आज नए भारत की नई ग्रोथ स्टोरी टियर 1, टियर2 शहरों में लिखी जा रही है। छोटे-छोटे शहरों में। कई साथी ऐसे शहरों से यहां आए होंगे तो वहां का बदलता स्वरूप पता चलता होगा। आप अपने परिजनों को फोन करते होंगे तो वह आपको बताते होंगे। एक्सप्रेस वे, एयरपोर्ट, रेलवे पर भारत जितना इन्वेस्ट कर रहा, उतना पहले कभी नहीं हुआ।

 

भारत के विकास को आगे बढ़ाने में दें साथ

पीएम मोदी ने कहा कि भारत ने अमृतकाल में विकसित होने का संकल्प लिया है तो आपसे उम्मीद अधिक बढ़ जाती है। आप भारत में स्टार्टअप के साथ इस यात्रा को आगे बढ़ाएंगे। युवाओं को प्रेरित करें। भारत के विकास में आपका अनुभव बहुत काम आयेगा। भारत में नई नेशनल एजुकेशन पॉलिसी लागू की गई है। आप अपने और दूसरे एजुकेशनल संस्थान के साथ इसे जोड़ेंगे तो बहुत फायदा होगा। पीएम मोदी ने कहा कि भारत में गूगल्स का एआइ रिसर्च सेंटर 100 से ज्यादा भारतीय भाषाओं पर काम करेगा। इसे भारत में ऐसे बच्चों को पढ़ने, काम करने में आसानी होगी, जिनकी मातृभाषा अंग्रेजी नहीं है।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। US से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें विदेश