1. Hindi News
  2. विदेश
  3. अमेरिका
  4. टेक्सास राज्य की दुकान में पड़ी डकैती, डाके के दौरान हमलावरों ने भारतीय नागरिक की गोली मार कर दी हत्या

टेक्सास राज्य की दुकान में पड़ी डकैती, डाके के दौरान हमलावरों ने भारतीय नागरिक की गोली मार कर दी हत्या

 Edited By: Dharmendra Kumar Mishra
 Published : Jun 24, 2024 10:57 am IST,  Updated : Jun 24, 2024 10:57 am IST

अमेरिका के टेक्सास राज्य में बड़ी डकैती की वारदात सामने आई है। घटना को अंजाम देते वक्त डकैतों ने एक भारतीय नागरिक की गोली मारकर हत्या कर दी। डकैती एक दुकान में डाली गई थी। घटना पर भारतीय विदेश मंत्रालय ने दुख जाहिर किया है।

टेक्सास में भारतीय नागरिक की डकैती के दौरान हत्या (प्रतीकात्मक फोटो)- India TV Hindi
टेक्सास में भारतीय नागरिक की डकैती के दौरान हत्या (प्रतीकात्मक फोटो) Image Source : AP

(सीमा हाकू काचरू) ह्यूस्टन: अमेरिका के टेक्सास राज्य की एक दुकान में लुटेरों ने डकैती के दौरान 32 वर्षीय एक भारतीय नागरिक की गोली मारकर हत्या कर दी। इससे इलाके में दहशत का माहौल है।  मृतक की पहचान दसारी गोपीकृष्ण के रूप में की गयी है और वह आंध्र प्रदेश के बापटला जिले का रहने वाला था। टेक्सास पुलिस के अनुसार भारतीय नागरिक 8 महीने पहले ही अमेरिका आया था। यह घटना 21 जून को डलास के प्लीजेंट ग्रोव में एक दुकान पर हुई।

रविवार को योग दिवस कार्यक्रम के लिए डलास में मौजूद महावाणिज्य दूत डी.सी.मंजूनाथ ने 'बताया कि यह घटना अर्कांसस में हुई गोलीबारी से संबंधित नहीं है, जैसा कि विभिन्न स्रोतों द्वारा पहले बताया गया था। गोपीकृष्ण के परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए मंजूनाथ ने कहा, "हम टेक्सास के डलास के प्लीजेंट ग्रोव में डकैती के दौरान गोलीबारी की घटना में भारतीय नागरिक दसारी गोपीकृष्ण की मौत के बारे में जानकर बहुत दुखी हैं और उनके परिवार के सदस्यों के संपर्क में हैं।"

शव को भारत भेजने की मांग

भारतीय संगठनों के सहयोग से वाणिज्य दूतावास पोस्टमार्टम और मृत्यु प्रमाण पत्र सहित स्थानीय औपचारिकताओं के बाद गोपीकृष्ण के शव को भारत वापस भेजने के लिए हरसंभव सहायता प्रदान कर रहा है। डकैती के दौरान गोपीकृष्ण को गंभीर चोटें आईं और उन्हें नजदीकी अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान रविवार की सुबह उनकी मौत हो गई। गोपीकृष्ण के परिवार में उनकी पत्नी और बेटा हैं। इस घटना से डलास और आस-पास के इलाकों में रहने वाला भारतीय समुदाय शोकाकुल है। (भाषा) 

यह भी पढ़ें

गाजा में हमास के खात्मे के बाद अब इजरायल का नया टारगेट हिजबुल्ला का सर्वनाश, PM नेतन्याहू के ऐलान से लेबनान से ईरान तक हड़कंप

 

अमेरिका में कहीं बाढ़ तो कहीं भीषण गर्मी की चपेट में लोग, हजारों की संख्या में विस्थापन को हुए मजबूर
 

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। US से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें विदेश