1. Hindi News
  2. विदेश
  3. अमेरिका
  4. पीएम मोदी के चीन दौरे से बौखलाए ट्रंप, भारत को रूसी तेल खरीदने पर और टैरिफ लगाने की दी धमकी

पीएम मोदी के चीन दौरे से बौखलाए ट्रंप, भारत को रूसी तेल खरीदने पर और टैरिफ लगाने की दी धमकी

 Edited By: Dharmendra Kumar Mishra
 Published : Sep 04, 2025 06:38 am IST,  Updated : Sep 04, 2025 01:50 pm IST

पीएम मोदी के चीन दौरे ने अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप को बड़ा झटका दिया है। इसके बाद ट्रंप ने भारत पर अभी और अधिक टैरिफ लगाने की धमकी दी है।

डोनाल्ड ट्रंप, अमेरिका के राष्ट्रपति। - India TV Hindi
डोनाल्ड ट्रंप, अमेरिका के राष्ट्रपति। Image Source : AP

न्यूयॉर्क/वाशिंगटन: अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने भारत को रूस से तेल खरीदना जारी रखने पर अभी और अधिक टैरिफ लगाने की धमकी दी है। ट्रंप ने यह धमकी पीएम मोदी के चीन दौरे के बाद दी है। अमेरिकी राष्ट्रपति ने बुधवार को कहा कि भारत पर रूसी तेल खरीदने को लेकर शुरुआती प्रतिबंध लगाए गए हैं और संकेत दिया कि उन्होंने अभी तक "दूसरे या तीसरे चरण" के प्रतिबंध नहीं लगाए हैं। यानि अभी दूसरा और तीसरा चरण बाकी है। 

पत्रकार के सवाल से बौखलाए ट्रंप

व्हाइट हाउस के ओवल ऑफिस में पोलैंड के राष्ट्रपति करोल नवरोकी के साथ द्विपक्षीय बैठक के दौरान ट्रंप ने यह जवाब दिया है। उन्होंने एक तरफ से भारत पर अभी और अधिक प्रतिबंध लगाने की धमकी दी है। उनसे एक पोलिश पत्रकार ने पूछा था कि रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के प्रति ट्रंप की कथित "निराशा" के बावजूद कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया। इस सवाल से ट्रंप बौखला गए। उन्होंने कहा, "आप कैसे कह सकते हैं कि कोई कार्रवाई नहीं हुई? भारत, जो चीन के बाद रूस का दूसरा सबसे बड़ा तेल खरीदार है, उस पर प्रतिबंध लगाया गया है। इससे रूस को सैकड़ों अरब डॉलर का नुकसान हुआ है। यह कोई कार्रवाई नहीं है? और अभी तो मैंने अगला चरण लागू ही नहीं किया है।"

जैसा कहा, वैसा कियाः ट्रंप

ट्रंप ने यह भी कहा कि उन्होंने दो सप्ताह पहले चेतावनी दी थी कि "अगर भारत रूस से तेल खरीदना जारी रखता है, तो उसे बड़ी समस्याओं का सामना करना पड़ेगा, और वही हुआ। इसके अलावा चीन की सैन्य परेड में पुतिन, किम जोंग उन और शी जिनपिंग की मौजूदगी पर पूछे गए सवाल के जवाब में ट्रंप ने कहा कि वे मास्को पर दूसरा प्रतिबंध लगाने पर विचार कर रहे हैं और भारत पर इसी तरह के कदम पहले ही उठाए जा चुके हैं। उन्होंने बताया कि भारत पर रूसी तेल खरीद को लेकर 25% अतिरिक्त टैरिफ लगाया गया है, जिससे कुल टैरिफ 50% हो गया है, जो 27 अगस्त से लागू हो चुका है।

हमें टैरिफ से मारता है भारत

ट्रंप ने कहा कि भारत हमें टैरिफ के ज़रिए "मारता" है, लेकिन मुझसे शुल्क को शून्य कर देने की पेशकश की थी। ट्रंप ने कहा कि भारत की व्यापार नीतियां एकतरफा और अनुचित हैं, जिससे अमेरिकी व्यापार को नुकसान होता है। अमेरिकी राष्ट्रपति ने कहा, "वे (भारत) हमारे खिलाफ टैरिफ लगाते हैं। चीन हमें टैरिफ से मारता है। भारत हमें टैरिफ से मारता है। ब्राज़ील भी हमें टैरिफ से मारता है।

पीएम मोदी दे चुके हैं रिएक्शन

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ट्रंप के टैरिफ पर प्रतिक्रिया दे चुके हैं। उन्होंने कहा है कि "हम किसानों, पशुपालकों और लघु उद्योगों के हितों से समझौता नहीं करेंगे। हम पर दबाव बढ़ सकता है, लेकिन हम इसे सहन करेंगे। भारत ने अमेरिकी टैरिफ को "अनुचित" बताया है और स्पष्ट किया है कि वह अपने राष्ट्रीय हितों और आर्थिक सुरक्षा की रक्षा के लिए सभी आवश्यक कदम उठाएगा।(भाषा)

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। US से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें विदेश