1. Hindi News
  2. विदेश
  3. अमेरिका
  4. ट्रंप की ईरान को धमकी, "US टीम पाक जा रही है, नई डील को भी वे नहीं माने तो हम उनके पावर प्लांट और पुल को तबाह कर देंगे"

ट्रंप की ईरान को धमकी, "US टीम पाक जा रही है, नई डील को भी वे नहीं माने तो हम उनके पावर प्लांट और पुल को तबाह कर देंगे"

 Edited By: Dharmendra Kumar Mishra
 Published : Apr 19, 2026 06:27 pm IST,  Updated : Apr 19, 2026 06:35 pm IST

अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान को फिर नई धमकी दी है। उन्होंने ऐलान किया है कि अमेरिका टीम सोमवार यानि 21 अप्रैल को ईरान शांति वार्ता के लिए इस्लामाबाद जा रही है। अगर ईरान ने डील नहीं किया तो उनके पावर प्लांट और ब्रिज को तबाह कर देंगे।

डोनाल्ड ट्रंप, अमेरिका के राष्ट्रपति। - India TV Hindi
डोनाल्ड ट्रंप, अमेरिका के राष्ट्रपति। Image Source : AP

Iran US War: अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान को नई धमकी दी है। ट्रंप ने कहा है कि हमारी टीम कल (सोमवार को) पाकिस्तान के इस्लामाबाद जा रही है। ट्रंप ने दावा किया है कि उन्होंने नई ट्रांसपैरेंट और उचित डील पेश की है। उन्होंने कहा कि ईरानियों ने अगर अब भी इस डील को नहीं माना तो हम उनके पावर प्लांट और पुल को तबाह कर देंगे। ट्रंप ने ट्रुथ सोशल मीडिया पर एक पोस्ट करके तेहरान को यह धमकी जारी की है।

ईरान ने होर्मुज में गोलीबारी से किया सीजफायर का गंभीर उल्लंघनः ट्रंप

डोनाल्ड  ट्रंप ने कहा, "ईरान ने कल होर्मुज जलडमरूमध्य में गोलीबारी की। यह हमारे संघर्षविराम समझौते का पूर्ण उल्लंघन है! इनमें से कई गोलियां एक फ्रांसीसी जहाज और ब्रिटेन के एक फ्रेटर (मालवाहक जहाज) को निशाना बनाकर चलाई गईं।  यह अच्छी बात नहीं थी, है ना?  मेरे प्रतिनिधि पाकिस्तान के इस्लामाबाद जा रहे हैं, वे कल शाम को वहां पहुंचेंगे, जहां वार्ता होगी। उन्होंने आगे कहा- ईरान ने हाल ही में घोषणा की कि वे होर्मुज जलडमरूमध्य बंद कर रहे हैं, जो अजीब है क्योंकि हमारी नाकेबंदी ने इसे पहले ही बंद कर रखा है। वे बिना जाने हमारे काम आ रहे हैं। बंद मार्ग से सबसे ज्यादा नुकसान रोजाना करीब 50 करोड़ डॉलर का उन्हें हो रहा है। 

"होर्मुज बंद होने से अमेरिका का कोई नुकसान नहीं"

ट्रंप ने अपनी पोस्ट में आगे लिखा, अमेरिका को कुछ भी नुकसान नहीं हो रहा। बल्कि, कई जहाज अभी अमेरिका की ओर जा रहे हैं। तेल लोड करने के लिए टेक्सास, लुइसियाना और अलास्का। यह सब आईआरजीसी की मेहरबानी से हो रहा है, जो हमेशा “ताकतवर” बनने की कोशिश करते हैं! हम एक बहुत ही निष्पक्ष और उचित डील पेश कर रहे हैं। मुझे उम्मीद है कि वे इसे स्वीकार कर लेंगे, क्योंकि अगर नहीं किया तो संयुक्त राज्य अमेरिका ईरान के हर पावर प्लांट और हर पुल को तबाह कर देगा।  NO MORE MR. NICE GUY! (अब नरम रुख नहीं!) वे तेजी से गिरेंगे, आसानी से गिरेंगे। अगर वे डील नहीं एक्सेप्ट करते, तो जो करना होगा वह करना मेरे लिए सम्मान की बात होगी। जो पिछले 47 वर्षों से अन्य राष्ट्रपतियों को ईरान के साथ करना चाहिए था।  अब ईरान की किलिंग मशीन को खत्म करने का समय आ गया है!"

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। US से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें विदेश