1. Hindi News
  2. विदेश
  3. अमेरिका
  4. इस्लामाबाद में होने वाली वार्ता के नए दौर में भाग लेंगे अमेरिका और ईरान, दिए संकेत

इस्लामाबाद में होने वाली वार्ता के नए दौर में भाग लेंगे अमेरिका और ईरान, दिए संकेत

 Written By: Rituraj Tripathi @riturajfbd
 Published : Apr 21, 2026 05:15 pm IST,  Updated : Apr 21, 2026 05:42 pm IST

अमेरिका और ईरान ने संकेत दिए हैं कि वे इस्लामाबाद में होने वाली युद्धविराम वार्ता के नए दौर में भाग लेंगे। इस खबर के आने के बाद फिर से इस बात की संभावना जताई जा रही है कि मिडिल ईस्ट में तनाव कम हो सकता है।

US and Iran- India TV Hindi
ईरान के नए सर्वोच्च नेता अयातुल्ला मोजतबा खामेनेई और अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप Image Source : AP/FILE

वाशिंगटन: अमेरिका और ईरान ने संकेत दिए हैं कि वे इस्लामाबाद में होने वाली युद्धविराम वार्ता के नए दौर में भाग लेंगे। 2 क्षेत्रीय अधिकारियों ने न्यूज एजेंसी एपी को ये जानकारी दी है।

अधिकारियों ने मंगलवार को एपी को बताया कि पाकिस्तान के नेतृत्व वाले मध्यस्थों को इस बात की पुष्टि मिल गई है कि शीर्ष वार्ताकार, अमेरिकी उपराष्ट्रपति जेडी वैंस और ईरान के संसद अध्यक्ष मोहम्मद बगेर क़लीबाफ़, बुधवार तड़के इस्लामाबाद पहुंचेंगे। अधिकारियों ने नाम न छापने की शर्त पर बात की क्योंकि उन्हें मीडिया को जानकारी देने का अधिकार नहीं था। दोनों पक्षों के बीच 14 दिनों का युद्धविराम बुधवार (22 अप्रैल) को समाप्त होने वाला है, जिससे प्रस्तावित वार्ता की आवश्यकता और बढ़ गई है।

हालही में बात करने से कर दिया था इनकार

गौरतलब है कि हालही में ईरान ने इस्लामाबाद में होने वाली अमेरिका के साथ दूसरे दौर की शांति वार्ता में शामिल होने से इनकार कर दिया था। जिसके बाद इस बात की आशंका बढ़ गई थी कि मिडिल ईस्ट में तनाव बढ़ सकता है और अमेरिका द्वारा ईरान के खिलाफ हमले फिर से शुरू हो सकते हैं।

हालही में ट्रंप ने कहा था कि ईरान के साथ समझौते को लेकर कोई दबाव नहीं है, हम सही डील का इंतजार कर रहे हैं। उन्होंने ये भी कहा था कि ईरान के साथ नया समझौता पूर्व में हुए परमाणु समझौते (JCPOA) से कहीं बेहतर होगा और यह दुनिया के लिए एक सुरक्षा कवच सुनिश्चित करेगा। 

पाकिस्तान में कोई ईरानी प्रतिनिधिमंडल नहीं

हालांकि, न तो वाशिंगटन और न ही तेहरान ने सार्वजनिक रूप से इस कार्यक्रम की पुष्टि की है। ईरानी सरकारी टेलीविजन ने भी इस बात से इनकार किया है कि कोई अधिकारी पाकिस्तान की राजधानी पहुंचा है।

ईरान के सरकारी प्रसारक, इस्लामिक रिपब्लिक ऑफ ईरान ब्रॉडकास्टिंग (आईआरआईबी) ने कहा है कि कोई भी ईरानी राजनयिक प्रतिनिधिमंडल पाकिस्तान की राजधानी इस्लामाबाद नहीं गया है, और इस तरह की किसी भी गतिविधि की खबरों को खारिज कर दिया है।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। US से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें विदेश