1. Hindi News
  2. विदेश
  3. अमेरिका
  4. पाकिस्तान में फिर हो सकती है अमेरिका और ईरान के बीच बातचीत, ट्रंप ने दिए संकेत

पाकिस्तान में फिर हो सकती है अमेरिका और ईरान के बीच बातचीत, ट्रंप ने दिए संकेत

 Written By: Rituraj Tripathi @riturajfbd
 Published : Apr 14, 2026 11:14 pm IST,  Updated : Apr 14, 2026 11:25 pm IST

अमेरिका और ईरान के बीच पाकिस्तान में हुई वार्ता असफल होने के बाद राष्ट्रपति ट्रंप ने ये संकेत दिए हैं कि दोनों देशों के बीच दूसरी वार्ता हो सकती है और वो भी पाकिस्तान के इस्लामाबाद में आयोजित की जा सकती है।

Donald Trump- India TV Hindi
राष्ट्रपति ट्रंप Image Source : AP

वॉशिंगटन: अमेरिका की मीडिया के हवाले से एक बड़ी खबर सामने आई है, जिसके मुताबिक राष्ट्रपति ट्रंप ने मंगलवार को ये संकेत दिए हैं कि ईरान के साथ दूसरी वार्ता अगले 2 दिनों में इस्लामाबाद में आयोजित की जा सकती है। गौरतलब है कि ईरान और अमेरिका के बीच अस्थाई युद्धविराम 22 अप्रैल को खत्म हो जाएगा, ऐसे में अगर ये बातचीत नहीं होती है तो दोनों देशों के बीच फिर से तनाव बढ़ सकता है।

पहली वार्ता हुई थी असफल

अमेरिका और ईरान के बीच सप्ताहांत में इस्लामाबाद में 21 घंटे चली लंबी शांति वार्ता चली थी, लेकिन इसमें दोनों देशों के बीच समझौता नहीं हो सका था और ये वार्ता असफल हो गई थी। वाशिंगटन का कहना था कि तेहरान ने परमाणु संवर्धन के अपने अधिकार को छोड़ने से इनकार कर दिया था।

रविवार को इस्लामाबाद में एक मीडिया ब्रीफिंग में अमेरिकी उपराष्ट्रपति जेडी वैंस ने बताया था कि अमेरिका और ईरान के बीच वार्ता विफल रही। अमेरिका ने ईरान के सामने एक "बहुत ही सरल प्रस्ताव" रखा है, जो उसका "अंतिम और सर्वोत्तम" प्रस्ताव है। उन्होंने कहा कि अमेरिका को ईरान से यह स्पष्ट प्रतिबद्धता चाहिए कि वह परमाणु हथियार या ऐसे उपकरण विकसित करने की कोशिश नहीं करेगा जो उसे शीघ्रता से परमाणु हथियार बनाने में मदद करें।

ताजा अपडेट क्या है?

ट्रंप ने न्यूयॉर्क पोस्ट से बात करते हुए संकेत दिए कि पिछले सप्ताह की निष्फल वार्ताओं के बाद राजनयिक बातचीत जल्द ही फिर से शुरू हो सकती है। उन्होंने कहा कि "अगले दो दिनों में कुछ हो सकता है" और उन्होंने पाकिस्तान में बातचीत करने की इच्छा भी जताई।

ट्रंप ने वार्ता के दूसरे दौर की संभावना का श्रेय पाकिस्तानी सेना प्रमुख फील्ड मार्शल आसिम मुनीर को दिया। उन्होंने ये भी कहा कि फील्ड मार्शल शानदार काम कर रहे हैं। हालांकि ट्रंप ने ये स्पष्ट नहीं किया कि वार्ता के संभावित दूसरे दौर में अमेरिका का प्रतिनिधित्व कौन करेगा, लेकिन उन्होंने पुष्टि की कि वे स्वयं इसमें भाग नहीं लेंगे।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। US से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें विदेश