1. Hindi News
  2. विदेश
  3. अमेरिका
  4. अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप ने चीन पर 50 प्रतिशत टैरिफ लगाने की धमकी दी, जानें क्या है वजह

अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप ने चीन पर 50 प्रतिशत टैरिफ लगाने की धमकी दी, जानें क्या है वजह

 Written By: Rituraj Tripathi @riturajfbd
 Published : Apr 12, 2026 11:25 pm IST,  Updated : Apr 12, 2026 11:25 pm IST

अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने चीन को धमकाया है और उस पर 50 फीसदी टैरिफ लगाने की धमकी दी है। उन्होंने ये भी कहा कि ऐसी खबरें मिली हैं कि चीन, ईरान को हथियार दे रहा है।

Donald Trump- India TV Hindi
डोनाल्ड ट्रंप और शी जिनपिंग Image Source : PTI/FILE

वाशिंगटन: अमेरिका और ईरान के बीच चल रहे तनाव के दौरान एक बड़ी खबर सामने आई है। अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने अब चीन पर अपनी नजरें गड़ा दी हैं। दरअसल ट्रंप ने अब ये धमकी दी है कि अगर चीन, ईरान को हथियारों की सप्लाई करता है तो वह चीन पर 50 प्रतिशत टैरिफ लगाएंगे।

ट्रंप ने और क्या कहा?

दरअसल ट्रंप ने पहले ही ये कहा था कि जो देश, ईरान को हथियार बेचेंगे, उन देशों से आने वाले सामान पर 50 फीसदी टैरिफ लगाया जाएगा। अब ये जानकारी सामने आई है कि ट्रंप ने ये बात चीन पर निशाना साधते हुए कही थी।

ट्रंप ने फॉक्स न्यूज के "संडे मॉर्निंग फ्यूचर्स" कार्यक्रम में ये कहा, "ऐसी खबरें मिली हैं कि चीन ईरान को विमानरोधी "शोल्डर मिसाइलें" दे रहा है। हालांकि चीन द्वारा ईरान को हथियार मुहैया करवाने की संभावना कम है, फिर भी अगर चीन ऐसा करता है तो उसके सामान पर कर लगाया जाएगा।"

ट्रंप ने ये भी कहा, "मुझे इस बात का संदेह है कि वे ऐसा करेंगे, मेरे उनसे रिलेशन हैं और मुझे ऐसा भी लगता है कि वे ऐसा नहीं करेंगे। हो सकता है कि उन्होंने शुरुआत में ऐसा किया हो। फिर भी अगर हम उन्हें ऐसा करते हुए पकड़ते हैं तो उन पर 50% टैरिफ लगेगा।"

गौरतलब है कि अमेरिका और ईरान के बीच तनाव चरम पर है। दोनों में से कोई झुकने को तैयार नहीं है और इस्लामाबाद में हुई दोनों देशों की वार्ता भी विफल रही है। ऐसे में ट्रंप बौखलाए हुए हैं और अब ईरान को और भी ज्यादा सख्त कार्रवाई के लिए धमकी दे रहे हैं। आज ही ट्रंप ने कहा है कि ईरान की परमाणु महत्वाकांक्षाएं जंग को खत्म करने में नाकामयाबी का मूल कारण थी। उन्होंने साफ कहा कि अब अमेरिका, ईरान को पूरी तरह खत्म करने के लिए सही समय का इंतजार कर रहा है।

हालांकि अमेरिका और ईरान के बीच शांति वार्ता विफल रहने पर रूस का भी बयान सामने आया है और रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने ईरान के राष्ट्रपति मसूद पेज़ेश्कियन से बात की है। पुतिन ने ईरान के राष्ट्रपति से बातचीत में शांति प्रयासों में मदद करने की तत्परता जताई है।

 

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। US से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें विदेश