1. Hindi News
  2. विदेश
  3. अमेरिका
  4. हमास के खात्मे के लिए अमेरिका ने इजरायल पर कर दी पैसों की बारिश, पाकिस्तान के रक्षा बजट से दोगुने धन की मदद

हमास के खात्मे के लिए अमेरिका ने इजरायल पर कर दी पैसों की बारिश, पाकिस्तान के रक्षा बजट से दोगुने धन की मदद

 Published : Nov 03, 2023 10:12 am IST,  Updated : Nov 03, 2023 10:24 am IST

हमास आतंकियों की तबाही के लिए अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडेन ने इजरायल को सबसे बड़ी रक्षा सहायता देने का ऐलान किया है। इसके लिए 14.5 अरब डॉलर रुपये की मंजूरी दी गई है। रुपये के हिसाब से यह राशि 1.20 लाख करोड़ रुपये से अधिक है। यह धनराशि पाकिस्तान के कुल रक्षाबजट की दोगुनी है।

इजरायल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू और अमेरिका के राष्ट्रपति जो बाइडेन।- India TV Hindi
इजरायल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू और अमेरिका के राष्ट्रपति जो बाइडेन। Image Source : AP

हमास आतंकियों के खात्म के लिए अमेरिका ने इजरायल के लिए अपने खजाने का पूरा पिटारा खोल दिया है। इससे इजरायल के विरोधी मुस्लिम देशों में खलबली मच गई है। हमास के खिलाफ जंग लड़ रहे इजरायल के लिए अमेरिका ने पाकिस्तान के कुल रक्षाबजट के दोगुने से अधिक धनराशि देने का ऐलान किया है। अमेरिकी प्रतिनिधि सभा ने हमास के साथ युद्ध कर रहे इजरायल को 14.5 अरब डॉलर की सैन्य सहायता मुहैया कराए जाने की बृहस्पतिवार को मंजूरी दी है। जबकि पाकिस्तान का कुल रक्षा बजट 6.36 अरब डॉलर ही है। 

यह ऐलान हमास के साथ इस युद्ध में इजराइल के प्रति अमेरिका के व्यापक समर्थन को दर्शाती है, लेकिन इसके कारण सदन के नए स्पीकर माइक जॉनसन का दलगत रुख भी देखने को मिला जो डेमोक्रेटिक पार्टी और अमेरिका के राष्ट्रपति जो बाइडन के लिए सीधी चुनौती बन गया। जॉनसन ने तय नियमों से परे जाते हुए ऐसे रिपब्लिकन पैकेज की वकालत की, जिसमें आपात सहायता देने के लिए अन्य सरकारी खर्चों में कमी करने की बात की गई है। इसने सदन में रिपब्लिकन पार्टी के नए रूढ़ीवादी नेतृत्व को स्थापित किया, लेकिन जिस विधेयक को आमतौर पर दोनों दल का समर्थन मिलने की संभावना थी, उसे लेकर डेमोक्रेटिक और रिपब्लिकन सांसद बंट गए।

बाइडेन करेंगे वीटो का इस्तेमाल

बाइडन ने कहा है कि वह इस विधेयक को लेकर वीटो का इस्तेमाल करेंगे। डेमोक्रेटिक पार्टी का कहना है कि रिपब्लिकन पैकेज से इजरायल को मदद पहुंचाने में देरी होगी। सीनेट में बहुमत के नेता चक शूमर ने कहा है कि ‘‘आश्चर्यजनक रूप से गैर गंभीर’’ विधेयक के सीनेट में पारित हो पाने की कोई संभावना नहीं है। युद्ध में इजरायल का समर्थन करने के लिए संसद में पहला महत्वपूर्ण विधायी प्रयास बाइडन के लगभग 106 अरब डॉलर के उस अनुरोध से बहुत कम है, जिसमें रूस के खिलाफ लड़ रहे यूक्रेन को मदद करने, चीन से निपटने के लिए अमेरिकी प्रयासों को आगे बढ़ाने और मेक्सिको के साथ लगती सीमा पर चुनौती से निपटने का भी प्रावधान किया गया था।

बाइडन ने रिपब्लिकन विधेयक के खिलाफ वीटो का इस्तेमाल करने की चेतावनी देते हुए कहा कि जॉनसन का दृष्टिकोण ‘‘इस समय की तत्काल आवश्यकता को पूरा करने में विफल रहा है’’ तथा आपातकालीन राशि के लिए कहीं और कटौती करने से एक खतरनाक मिसाल कायम होगी। विधेयक में इजरायल के लिए उतनी ही राशि देने की बात की गई है, जितनी रकम का बाइडन ने अनुरोध किया था, लेकिन अमेरिका के राष्ट्रपति के आधिकारिक निवास एवं कार्यालय ने कहा कि रिपब्लिकन योजना में गाजा के लिए मानवीय सहायता को शामिल नहीं करना एक ‘‘बड़ी गलती’’ है क्योंकि इससे संकट गहरा गया है। ​(एपी) 

यह भी पढ़ें

इजरायल-हमास युद्ध पर जयशंकर का बड़ा बयान, "आतंकवाद अस्वीकार्य"; मगर फिलिस्तीन को लेकर रोम में कही ये बात

IDF ने कहा-"इजरायल का युद्ध गाजा के नागरिकों के खिलाफ नहीं है, हम हमास से लड़ रहे हैं...अभी लोग साउथ की ओर चले जाएं"

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। US से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें विदेश