1. Hindi News
  2. विदेश
  3. अमेरिका
  4. अमेरिका में भारतीय मूल के नागरिक की बेरहमी से हत्या, पत्नी और बेटे के सामने काट दिया गला

अमेरिका में भारतीय मूल के नागरिक की बेरहमी से हत्या, पत्नी और बेटे के सामने काट दिया गला

 Published : Sep 12, 2025 07:39 am IST,  Updated : Sep 12, 2025 11:56 pm IST

अमेरिका में भारतीय मूल के नागरिक की बेरहमी से हत्या कर दी गई है। जानकारी के मुताबिक, आरोपी ने पत्नी और बेटे के सामने ही नागमल्लैया का सिर काट दिया।

Indian-origin citizen murdered Noida- India TV Hindi
सांकेतिक फोटो। Image Source : INDIA TV

अमेरिका में हिंसा की खबरें रुकने का नाम नहीं ले रही है। अब टेक्सास में एक भारतीय मूल के नागरिक की गला काटकर हत्या कर दी गई है। जानकारी के मुताबिक, राज्य के डैलस में वॉशिंग मशीन को लेकर हुए विवाद में 50 वर्षीय भारतीय मूल के मोटल मैनेजर चंद्र मौली 'बॉब' नागमल्लैया की हत्या कर दी गई है। जानकारी के मुताबिक, चंद्र मौली की हत्या उनके सहकर्मी  योर्डानिस कोबोस-मार्टिनेज ने की है। ये हत्या उनकी पत्नी और बेटे के सामने की गई है।

क्यों की गई हत्या?

दरअसल, ये हत्या की घटना बुधवार को सुबह डैलस के डाउनटाउन सूट्स मोटल में हुई है। मामले में आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। हत्या के आरोप में आपराधिक रिकॉर्ड वाले संदिग्ध सहकर्मी को गिरफ्तार कर लिया गया है। स्थानीय पुलिस ने जानकारी दी है कि मूल रूप से कर्नाटक निवासी चंद्र मौली 'बॉब' नागमल्लैया और उनके सहकर्मी योर्डानिस कोबोस के बीच टूटी हुई वॉशिंग मशीन को लेकर विवाद हो गया था।

इस तरह कर दी बेरहमी से हत्या

पुलिस ने बताया है कि आरोपी 37 वर्षीय कोबोस-मार्टिनेज कथित तौर पर उस समय भड़क गया जब नागमल्लैया ने उसे सीधे संबोधित करने के बजाय किसी अन्य व्यक्ति से उनके निर्देशों का अनुवाद करने को कहा। इसके बाद आरोपी ने नागमल्लैया पर हमला कर दिया और उनका सिर काट दिया। जो फुटेज मिली है उसमें आरोपी को चाकू निकालते और नागमल्लैया पर हमला करते हुए दिखाया गया है। नागमल्लैया बचने के लिए उधर भागे थे जहां उनके 18 साल का बेटा और पत्नी मौजूद थे। हालांकि, आरोपी ने उनका पीछा किया और हस्तक्षेप करने के प्रयासों के बावजूद उन पर हमला किया।

आरोपी का रहा है आपराधिक इतिहास

डैलस काउंटी जेल के गिरफ्तारी रिकॉर्ड के अनुसार, कोबोस-मार्टिनेज पर हत्या का आरोप है। वह क्यूबा का नागरिक है और उसकी आव्रजन स्थिति फिलहाल स्थगित है। उसे पहले कैलिफोर्निया में दोषी ठहराया जा चुका है और उसे फ्लोरिडा और ह्यूस्टन में गिरफ्तार किया जा चुका है। कोबोस ने साल 2017 में एक महिला की कार लूट ली थी उसे 2023 में दोषी ठहराया गया और डेढ़ साल की जेल की सजा सुनाई गई थी। 2018 में, उस पर एक बच्चे के साथ अभद्रता और मारपीट का आरोप लगाया गया था। आरोपी को बिना जमानत के हिरासत में रखा गया है। मामले में दोषी पाए जाने पर कोबोस-मार्टिन को बिना पैरोल के आजीवन कारावास या मौत की सजा भी दी जा सकती है। नागमल्लैया का अंतिम संस्कार शनिवार को होना है। दोस्त, परिवार और स्थानीय भारतीय समुदाय उनके परिवार का समर्थन करने के लिए साथ आ रहे हैं।

दूतावास ने किया ट्वीट

अमेरिका के ह्यूस्टन में स्थित भारतीय महावाणिज्य दूतावास ने भी इस मामले पर ट्वीट किया है। दूतावास ने कहा- "हम भारतीय नागरिक चंद्र नागमल्लैया की दुखद मृत्यु पर शोक व्यक्त करते हैं। उनकी टेक्सास के डलास स्थित कार्य स्थल पर निर्ममता से हत्या कर दी गई। हम उनके परिवार के संपर्क में हैं और हर संभव सहायता पहुंचा रहे हैं। घटना का आरोपी डलास पुलिस की हिरासत में है। हम मामले पर बारीकी से नजर रख रहे हैं।"

ये भी पढ़ें- ट्रंप के करीबी चार्ली किर्क के हत्यारे का नहीं मिला सुराग, FBI ने जारी की संदिग्ध की तस्वीर

अमेरिकी राजदूत सर्जियो गोर का बड़ा बयान, कहा-"भारत को अपने पक्ष में लाना और चीन से दूर करना हमारी प्राथमिकता"

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। US से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें विदेश