बिहार के गोपालगंज जिले में मारपीट,मोबाइल और रुपये चुराने का एक अजीबोगरीब मामला सामने आया है। आरोप है कि मोबाइल ठीक कराने जा रहे एक नाबालिग को रास्ते में कुछ युवकों ने पकड़ लिया और उसके पास रखे 1800 रुपये और मोबाइल फोन कथित तौर पर छीन लिए। नाबालिग ने जब इसका विरोध किया तो आरोपियों ने उसकी जमकर पिटाई कर दी। परिजनों का आरोप है कि आरोपियों ने नाबालिग की पिटाई मरे हुए सांप से भी की, जिससे वह घायल हो गया। फिलहाल, पुलिस आरोपियों की पहचान और घटना से जुड़े अन्य तथ्यों की जांच कर रही है। वहीं, घटना के बाद से इलाके में इस मामले को लेकर चर्चा बनी हुई है।
मोबाइल ठीक कराने जा रहा था नाबालिग
पूरा मामला भोरे थाना क्षेत्र का बताया जा रहा है। जानकारी के मुताबिक नाबालिग अपने गांव से लामिचौर बाजार मोबाइल ठीक कराने के लिए जा रहा था। उसके पास मोबाइल और 1800 रुपये थे। इसी दौरान बंधुछापर ब्रह्मस्थान के पास कथित तौर पर घात लगाए बैठे सनी पांडे और बुचकुन सिंह ने उसे रोक लिया।
नशे की हालत में मरे हुए सांप से की पिटाई
परिजनों का आरोप है कि दोनों युवक नशे की हालत में थे। आरोपियों ने पहले नाबालिग से मोबाइल और 1800 रुपये चुरा लिए। जब उसने इसका विरोध किया तो उसके साथ मारपीट शुरू कर दी। इसी दौरान आरोप है कि मरे हुए सांप से भी नाबालिग की पिटाई की गई, जिससे उसके शरीर पर चोटें आईं।
पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी
घटना के बाद घायल नाबालिग को इलाज के लिए स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया गया। वहीं, घटना की सूचना पुलिस को दी गई। परिजनों की लिखित शिकायत के आधार पर भोरे थाने की पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। बताया जा रहा है कि पुलिस अब उस मरे हुए सांप की भी तलाश कर रही है, जिसका इस्तेमाल कथित तौर पर नाबालिग की पिटाई में किया गया था। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है और आरोपों की सत्यता की जांच की जा रही है।
गोपालगंज से अयाज अहमद की रिपोर्ट
ये भी पढ़ें:
सिलेंडर में गैस नहीं, छिपा रखी थी शराब, बिहार में तस्करी का ये तरीका देख पुलिस रह गई हैरान