1. Hindi News
  2. बिहार
  3. बिहार एमएलसी चुनाव में महागठबंधन और बिखरा, अब 5 सीटों पर RJD-Congress आमने-सामने

बिहार एमएलसी चुनाव में महागठबंधन और बिखरा, अब 5 सीटों पर RJD-Congress आमने-सामने

 Reported By: Nitish Chandra,  Written By: Niraj Kumar
 Published : Oct 05, 2026 02:23 pm IST,  Updated : Oct 05, 2026 02:31 pm IST

बिहार एमएलसी दिलचस्प हो गया है। इस चुनाव में महागठबंधन को दोनों अहम घटक दल आरजेडी और कांग्रेस कुल 8 में से 5 सीटों पर आमने सामने मुकाबला करेंगे।

Rahul gandhi and Tejashwi Yadav- India TV Hindi
राहुल गांधी और तेजस्वी यादव Image Source : PTI

पटना: बिहार में एमएलसी चुनाव में जहां एक ओर जनता दल यू के अंदर जबरदस्त हंगामा मचा हुआ है वहीं अब महागठबंधन के अदंर की दरारें भी उभरकर सामने आने लगी है। दरभंगा शिक्षक सीट से कांग्रेस उम्मीदवार डॉ. मदन मोहन झा के खिलाफ राजद की तरफ से कुमर राय को उम्मीदवार बनाये जाने से अब महागठबंधन में राजद और कांग्रेस कुल 8 मे से 5 सीटों पर आमने सामने मुकाबला करेंगे।

8 में से 7 सीटों पर चुनाव लड़ रही RJD

माना जा रहा है कि कांग्रेस की तरफ से 5 उम्मीदवारों  की घोषणा से नाराज होकर RJD ने ये कदम उठाया है। RJD अब 8 में से 7 सीटों पर चुनाव लड़ रही है, सिर्फ 1 तिरहुत शिक्षक की सीट RJD ने सीपीआई के लिए छोड़ी है। इससे पहले RJD ने कांग्रेस के लिए 1 और सीपीआई के लिए 1 सीट छोड़ी थी लेकिन कांग्रेस के 5 उम्मीदवारों के नाम के एलान से नाराज होकर RJD ने कांग्रेस के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष मदन मोहन झा के सामने भी अपना उम्मीदवार उतार दिया है। लालू यादव ने मदन मोहन झा के सामने राजद शिक्षक प्रकोष्ठ के प्रदेश अध्यक्ष कुमर राय को सिंबल दे दिया है।

कांग्रेस और राजग हमेशा अलग-अलग लड़ते रहे 

हालांकि इससे पहले आरजेडी के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष तेजस्वी यादव ने विधान परिषद चुनाव में सीट बंटवारे को लेकर 'इंडिया' गठबंधन में किसी विवाद से इनकार किया था। उन्होंने कहा था गठबंधन में शामिल दल पहले भी ये चुनाव अलग-अलग लड़ चुके हैं। तेजस्वी यादव ने कहा, "चाहे वह स्नातक निर्वाचन क्षेत्र के चुनाव हों, शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के या स्थानीय निकायों में जनप्रतिनिधियों के चुनाव हों, वाम दल, कांग्रेस और राजग हमेशा अलग-अलग लड़ते रहे हैं।" 

गठबंधन के अंदर विवाद की अटकलों को किया खारिज

राजद नेता ने विश्वास जताया कि उनकी पार्टी आगामी विधान परिषद चुनाव में अच्छा प्रदर्शन करेगी। एक दिन पहले कांग्रेस ने भी विपक्षी गठबंधन के अंदर किसी विवाद की अटकलों को खारिज किया था। कांग्रेस के बिहार अध्यक्ष राजेश राम ने कहा कि पार्टी का फैसला "हमारे कार्यकर्ताओं की भावनाओं और जनता की इस धारणा के अनुसार लिया गया है कि कांग्रेस भाजपा के समक्ष मुख्य चुनौती बनकर उभर रही है।" 

इसमें कुछ नया नहीं-अखिलेश प्रसाद सिंह

कांग्रेस के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष और राज्यसभा सदस्य अखिलेश प्रसाद सिंह, ने इस घटनाक्रम को ज्यादा तवज्जो नहीं दी और कहा कि इसमें कुछ नया नहीं है। उन्होंने कहा, ''लोगों को शायद याद नहीं होगा कि अतीत में भी गठबंधन सहयोगियों ने विधान परिषद की एक ही सीट पर अपने-अपने उम्मीदवार उतारे हैं। इसमें कोई समस्या नहीं है, क्योंकि ये चुनाव संबंधित राजनीतिक दलों के चुनाव चिह्न पर नहीं लड़े जाते।'' हालांकि, कांग्रेस के कुछ नेताओं ने नाम सार्वजनिक नहीं करने की शर्त पर कहा कि पार्टी में दबदबा रखने वाले राजद को ''सबक सिखाने'' की जरूरत महसूस की जा रही थी। नेताओं ने आरोप लगाया कि राजद ने पिछले साल हुए विधानसभा चुनाव जैसे महत्वपूर्ण चुनावों में भी ''एकतरफा अपने उम्मीदवारों की घोषणा'' करके सहयोगी दलों को असहज किया था।

बता दें कि स्नातक निर्वाचन क्षेत्रों के लिए ऐसे मतदाता पात्र होते हैं, जिन्होंने भारत के किसी मान्यता प्राप्त विश्वविद्यालय से कम से कम तीन वर्ष पहले स्नातक की डिग्री हासिल की हो और संबंधित निर्वाचन क्षेत्र में निवास करते हों। इसी तरह, शिक्षक निर्वाचन क्षेत्रों में माध्यमिक विद्यालयों, महाविद्यालयों और विश्वविद्यालयों में कम से कम तीन वर्ष का शिक्षण अनुभव रखने वाले लोग मतदान कर सकते हैं। दोनों ही मामलों में मतदाता का संबंधित उद्देश्य के लिए तैयार मतदाता सूची में पंजीकृत होना अनिवार्य है।

उधर, पटना स्नातक सीट के लिए हो रहे चुनाव में नीतीश की जदयू में खटपट खुलकर सामने आ गई है। पटना स्नातक सीट से जनसुराज पार्टी के उम्मीदवार अनुज सिंह के नॉमिनेशन में जेडीयू के बाहुबली विधायक अंनत सिंह भी शामिल हुए। वे जेडीयू उम्मीदवार नीरज कुमार का विरोध कर रहे हैं।  जनसुराज पार्टी के उम्मीदवार अनुज सिंह के साथ खुली जीप पर अनंत सिंह अपने समर्थकों के साथ पहुंचे थे। हालांकि नॉमिनेशन फ़ाइल करने के लिए अनुज सिंह ज़ब कार्यालय के अंदर अधिकारियों के पास गए, उस दौरान अनंत सिंह खुली जीप पर बाहर ही रहे। इस दौरान कभी मूंछ पर ताव देते तो कभी पीले गमछे को लहराते दिखे। अनंत सिंह अपने स्टाइल के लिए जाने जाते हैं, लेकिन उनकी नाराजगी भी लोगों को पता है।

ये भी पढ़ें:

अनंत सिंह और MLC नीरज कुमार के बीच तनातनी पर ललन सिंह ने तोड़ी चुप्पी? इशारों-इशारों में क्या कहा

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। बिहार से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।