1. Hindi News
  2. बिहार
  3. सुपौल में दिनदहाड़े युवक को मारी गोली,गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती, जांच में जुटी पुलिस

सुपौल में दिनदहाड़े युवक को मारी गोली,गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती, जांच में जुटी पुलिस

 Published : Jul 21, 2026 02:16 pm IST,  Updated : Jul 21, 2026 02:36 pm IST

बिहार के सुपौल जिले के पिपरा थाना क्षेत्र में अपराधियों ने एक युवक को सीने में गोली मार दी। इस घटना के बाद से इलाके में डर का माहौल है। जानें क्या है पूरा मामला।

सुपौल में दिनदहाड़े युवक को मारी गोली,गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती- India TV Hindi
सुपौल में दिनदहाड़े युवक को मारी गोली,गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती Image Source : INDIA TV

बिहार के सुपौल जिले में अपराधियों के हौसले बुलंद हैं। कानून-व्यवस्था को ठेंगा दिखाते हुए बेखौफ अपराधियों ने दिनदहाड़े एक युवक को गोली मार दी। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। स्थानीय लोगों की मदद से गंभीर रूप से घायल युवक को आनन-फानन में इलाज के लिए नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसकी हालत नाजुक बनी हुई है।

सीने में मारी गोली

सुपौल जिले के पिपरा थाना क्षेत्र में बेखौफ अपराधियों ने दिनदहाड़े एक युवक को सीने में गोली मारकर गंभीर रूप से घायल कर दिया। युवक के सीने में गोली लगने से वह मौके पर ही खून से लथपथ होकर गिर पड़ा। घटना के बाद इलाके में अफरातफरी मच गई और लोगों में दहशत का माहौल बन गया। घायल युवक की पहचान सुपौल सदर थाना क्षेत्र के गौरगढ़ वार्ड 5 निवासी भूमि यादव के 20 वर्षीय पुत्र रंजीत कुमार यादव के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार रंजीत सोमवार की शाम अपने मामा के घर रतौली पंचायत के झड़कहा गांव गया था। मंगलवार सुबह वह मामा के घर लौट रहा था। इसी दौरान झड़कहा नहर के नजदीक पहले से घात लगाए बदमाशों ने उस पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। एक गोली सीधे उसके सीने में जा लगी,जिससे वह गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़ा। गोली चलने की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और आनन-फानन में उसे पिपरा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। 

जांच में जुटी पुलिस
प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए सदर अस्पताल सुपौल रेफर कर दिया। बाद में परिजनों ने बेहतर इलाज के लिए उसे शहर के अनंत प्रेरणा अस्पताल में भर्ती कराया,जहां उसकी हालत नाजुक बनी हुई है। घटना की सूचना मिलते ही पिपरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस घटनास्थल का निरीक्षण कर आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है। साथ ही इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाल रही है। ताकि अपराधियों की पहचान की जा सके। फिलहाल गोलीबारी के पीछे की वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है। सदर डीएसपी राजीव रंजन ने निजी अस्पताल पहुंचकर घायल युवक का हालचाल लिया है। उन्होंने बताया कि पुलिस सभी बिंदुओं पर गंभीरता से जांच कर रही है। जल्द ही अपराधियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार किया जाएगा। दिनदहाड़े हुई इस वारदात से क्षेत्र के लोगों में डर और आक्रोश का माहौल है।

(रिपोर्ट - Sant Saroj)

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। बिहार से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।