बिहार के सीतामढ़ी के पुनौरा धाम में शुक्रवार को माता सीता मंदिर का शिलान्यास पूजन कार्यक्रम बड़ा भव्य हुआ। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह दोपहर 2 बजे देवी सीता की जन्मस्थली पवित्र पुनौरा धाम मंदिर और उसके परिसर के व्यापक विकास योजना की आधारशिला रखी। साथ ही मुख्यमंत्री नीतीश कुमार भी संतों के साथ विराजमान रहे। इसी से इस कार्यक्रम की भव्यता का अंदाजा लगाया जा सकता है। यह मंदिर बिहार ही नहीं बल्कि पूरे भारत के लोगों के लिए आस्था का एक बड़ा केंद्र बनकर उभरेगा।
11 महीने में होना है मंदिर का निर्माण
बता दें कि पुनौरा धाम हिंदुओं के लिए बहुत पवित्र तीर्थ स्थल है। यहां बनने वाला यह मंदिर परिसर 67 एकड़ भूमि में फैला होगा और इसे सिर्फ 11 महीनों में तैयार करने का लक्ष्य रखा गया है। इसकी मॉनिटरिंग बिहार राज्य पर्यटन विकास निगम करेगा। मंदिर निर्माण का काम शिलान्यास के बाद रफ्तार से शुरू कर दिया जाएगा।
श्रद्धालुओं को क्या-क्या सुविधाएं मिलेंगी?
इस मंदिर परिसर में 151 फीट ऊंचा मुख्य मंदिर होगा। इसके साथ ही तीर्थ यात्री सुविधा केंद्र, ऑडिटोरियम, यात्री अतिथि गृह, माता जानकी कुंड घाट, भंडारा स्थल, मंदिर प्रवेश द्वार, जन सुविधाएं, यज्ञ मंडप एवं अनुष्ठान मंडप, पर्यटक सुविधा केंद्र और टेंसाइल छतरी का निर्माण किया जाएगा। ई-कार्ट स्टेशन, प्रसाद भोग एवं रसोई घर, म्यूजियम, भजन संध्या स्थल, मिथिला हाट, वेद पाठशाला एवं पुस्तकालय, कैफेटेरिया एवं फूड कोर्ट, यात्री डॉरमेट्री भवन और मंदिर रोड पाथवे एवं पार्किंग का निर्माण किया जाएगा। पहले से मौजूद मां जानकी कुंड का सौंदर्यीकरण भी इस योजना का हिस्सा है।
अमित शाह ने क्या लिखा?
शाह आज सीतामढ़ी से दिल्ली के लिए अमृत भारत ट्रेन को भी हरी झंडी दिखाएंगे, जिसे प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने पवित्र स्थान पर आने वाले श्रद्धालुओं के लिए बेहतर संपर्क प्रदान करने के लिए मंजूरी दी थी। केंद्रीय गृहमंत्री ने गुरुवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘कल का दिन पूरे देश और विशेषकर मिथिलांचल के लिए अत्यंत सौभाग्य और हर्ष का दिन होग, जब बिहार के सीतामढ़ी स्थित माता सीता की जन्मभूमि में पवित्र ‘पुनौराधाम मंदिर’ एवं परिसर के समग्र विकास की वृहद योजना का शिलान्यास होगा।’’
उन्होंने कहा, ‘‘साथ ही, यहां आने वाले श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए कनेक्टिविटी को बढ़ाने हेतु पीएम नरेन्द्र मोदी जी ने सीतामढ़ी-दिल्ली अमृत भारत ट्रेन को भी स्वीकृत किया है, जिसकी कल शुरुआत होगी।’’