अररिया जिले से एक ऐसा वीडियो सामने आया है जिसमें बिहार की शिक्षा व्यवस्था का हाल बेहाल दिख रहा है और कई गंभीर सवाल खड़े कर रहा हैं। अररिया के जोगबनी नगर के प्राथमिक विद्यालय खजूरबाड़ी का एक वीडियो वायरल हुआ है। इस वीडियो में दिख रहा है कि विद्यालय परिसर में जल जमाव हुआ है। जलभराव के कारण एक शिक्षिका ने छोटे-छोटे बच्चों से बेंच उठवाकर पानी के बीच बिछवाईं और फिर उन्हीं बेंचों पर चलकर विद्यालय के अंदर पहुंचीं। सबसे चौंकाने वाली बात यह है कि यह कोई एक बार की घटना नहीं थी, बल्कि बच्चों से यह काम बार-बार कराया गया। घटना का वीडियो सामने आने के बाद लोगों में नाराजगी है और मामले को लेकर शिक्षा विभाग भी हरकत में आ गया है।
पानी में बेंच उठाकर रख रहे बच्चे
वायरल वीडियो में मासूम बच्चे बेंच उठाकर पानी में रखते नजर आ रहे हैं, जबकि शिक्षिका आराम से उन बेंचों पर कदम रखते हुए आगे बढ़ती दिख रही हैं। बता दें, शिक्षिका की पहचान अफसाना परवीन, विशिष्ट शिक्षिका, प्राथमिक विद्यालय खजूरबाड़ी, वार्ड संख्या-10 के रूप में हुई है।
वीडियो सामने आते ही लोगों में फैली नाराजगी
किसी ग्रामीण ने इस पूरे घटनाक्रम का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया। वीडियो सामने आते ही लोगों में नाराजगी फैल गई और शिक्षिका के खिलाफ कार्रवाई की मांग तेज हो गई। अभिभावकों का कहना है कि वे अपने बच्चों को पढ़ने-लिखने के लिए स्कूल भेजते हैं, न कि शिक्षकों का सामान उठाने या उन्हें रास्ता बनाने के लिए।
प्रधान शिक्षिका ने दी अजीबोगरीब सफाई
हालांकि, पूरे मामले पर विद्यालय की प्रधान शिक्षिका नीलिमा पाठक ने सफाई देते हुए कहा कि अफसाना परवीन को एलर्जी की समस्या है और वे पानी में नहीं चल सकती हैं। उन्होंने यह भी बताया कि विद्यालय परिसर में लंबे समय से जल जमाव की समस्या बनी हुई है, जिसकी शिकायत कई बार विभाग को भेजी गई, लेकिन अब तक कोई समाधान नहीं हुआ।
हरकत में आया शिक्षा विभाग
इधर, वीडियो वायरल होने के बाद शिक्षा विभाग हरकत में आ गया है। जिला शिक्षा पदाधिकारी ने शिक्षिका से पूरे मामले में 24 घंटे के भीतर स्पष्टीकरण मांगा है। अब सबकी नजर इस बात पर है कि विभाग इस मामले में क्या कार्रवाई करता है।
(अररिया से अरुण कुमार की रिपोर्ट)