1. Hindi News
  2. बिहार
  3. बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव के लिए बीजेपी ने अभिषेक कुमार को बनाया उम्मीदवार, सियासी सरगर्मी तेज

बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव के लिए बीजेपी ने अभिषेक कुमार को बनाया उम्मीदवार, सियासी सरगर्मी तेज

 Published : Jul 07, 2026 05:57 pm IST,  Updated : Jul 07, 2026 06:36 pm IST

भारतीय जनता पार्टी ने बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव के लिए अभिषेक कुमार को अपना उम्मीदवार बनाया है। पार्टी की ओर से आज इसकी घोषणा की गई है।

बीजेपी- India TV Hindi
बीजेपी Image Source : PTI

पटना: पटना की बांकीपुर विधानसभा सीट पर होने वाले उपचुनाव के लिए भारतीय जनता पार्टी ने भी अपने उम्मीदवार के नाम का ऐलान कर दिया है। पार्टी की ओर से अभिषेक कुमार को उम्मीदवार बनाया गया है। इससे पहले जनसुराज की ओर प्रशांत किशोर के नाम की घोषणा की जा चुकी है। वहीं राष्ट्रीय जनता दल की ओर से रेखा कुमारी गुप्ता को उम्मीदवार बनाया गया है। इस तरह से इस सीट पर त्रिकोणीय मुकाबला होने के आसार हैं। 

पार्टी ने प्रेस विज्ञप्ति जारी कर दी जानकारी

भारतीय जनता पार्टी के  केंद्रीय कार्यालय की ओर से जारी प्रेस विज्ञप्ति में कहा गया है कि बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव के लिए पार्टी की केंद्रीय चुनाव समिति ने अभिषेक कुमार के नाम पर अपनी स्वीकृति प्रदान की है। यह प्रेस विज्ञप्ति पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव और मुख्यालय प्रभारी अरुण सिंह की ओर से जारी की गई है।

बीजेपी का गढ़ रहा है बांकीपुर सीट

बता दें कि कि बांकीपुर विधानसभा सीट से लगातार नितिन नवीन चुनाव जीतते रहे हैं। बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष चुने जाने के बाद उन्होंने विधानसभा की सदस्यता से इस्तीफा दे दिया था और वे राज्यसभा चले गए। अब इस सीट पर उपचुनाव होने वाला है। जनसुराज की ओर प्रशांत किशोर के चुनाव मैदान में उतरने से इस सीट पर लड़ाई दिलचस्प हो गई है। नितिन नवीन के लिए के लिए जहां अपनी प्रतिष्ठा को बचाए रखने का सवाल होगा वहीं प्रशांत किशोर अपनी पहली चुनावी जंग में पूरी जान फूंकने के लिए तैयार हैं।

30 जुलाई को होगी वोटिग

बता दें कि हाल ही में चुनाव आयोग ने बिहार, मध्य प्रदेश और गुजरात की तीन विधानसभा सीटों पर उपचुनाव कराने का ऐलान किया था। चुनाव कार्यक्रम के तहत 30 जुलाई को बांकीपुर विधानसभा सीट के लिए वोटिंग होगी जबकि वोटों की गिनती 3 अगस्त को होगी। इन चुनावों के लिए अधिसूचना 6 जुलाई को जारी कर दी गई है। इसके बाद नामांकन दाखिल करने की प्रक्रिया शुरू हो जाएगी। नामांकन दाखिल करने की आखिरी तारीख 13 जुलाई है। 14 जुलाई को नामांकन पत्रों की जांच की जाएगी जबकि नाम वापस लेने की आखिरी तारीख 16 जुलाई है। इस चुनाव में बीजेपी, आरजेडी और जनसुराज के बीच कांटे का मुकाबला देखने को मिल सकता है।

ये भी पढ़ें:

बिहार की सियासत से जुड़ी बड़ी खबर, बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव के लिए जन सुराज पार्टी ने प्रशांत किशोर को प्रत्याशी घोषित किया

बीजेपी विधायक राजू सिंह को कोर्ट ने सुनाई 4 साल की सजा, हर्ष फायरिंग में महिला की हुई थी मौत, 25 लाख मुआवजा देने का आदेश

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। बिहार से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।