1. Hindi News
  2. बिहार
  3. बिहार: लॉकडाउन उल्लंघन के मामले में राबड़ी और तेजस्वी यादव समेत RJD के 92 नेताओं पर केस दर्ज

बिहार: लॉकडाउन उल्लंघन के मामले में राबड़ी और तेजस्वी यादव समेत RJD के 92 नेताओं पर केस दर्ज

 Edited By: IndiaTV Hindi Desk
 Published : May 30, 2020 01:47 pm IST,  Updated : May 30, 2020 01:47 pm IST

लॉकडाउन का उल्लंघन करने के आरोप में पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी, नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव समेत RJD के 92 नेताओं पर पुलिस ने केस किया है।

Rabri Devi Lockdown, Tejashwi Yadav Lockdown, Gopalganj Triple Murder Cse, Rabri Devi- India TV Hindi
विधायक पप्पू पांडेय की गिरफ्तारी की मांग को लेकर तेजस्वी यादव RJD के अन्य विधायकों के साथ गोपालगंज जाने वाले थे। Image Source : PTI FILE

पटना: बिहार के गोपालगंज जिले में तिहरे हत्याकांड में आरोपी जनता दल युनाइटेड के विधायक पप्पू पांडेय की की गिरफ्तारी और मामले की सीबीआई जांच की मांग को लेकर प्रशासन की अनुमति के बिना 10 सर्कुलर रोड से शुक्रवार की सुबह काफिले के साथ गोपालगंज कूच करने की कोशिश व लॉकडाउन का उल्लंघन करने के आरोप में पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी, नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव समेत RJD के 92 नेताओं पर पुलिस ने केस किया है। इन नेताओं के खिलाफ सचिवालय थाना में मामला दर्ज किया गया है।

एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि शुक्रवार की देर रात सचिवालय थाने में राजद के प्रदेश अध्यक्ष जगदानंद सिंह, पूर्व मंत्री व विधायक अब्दुल बारी सिद्दीकी सहित 32 नामजद व RJD के 60 अज्ञात कार्यकर्ताओं के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है। उल्लेखनीय है कि विधायक पप्पू पांडेय की गिरफ्तारी की मांग को लेकर तेजस्वी यादव RJD के अन्य विधायकों के साथ गोपालगंज जाने वाले थे, लेकिन प्रशासन ने इसकी इजाजत नहीं दी। इसके बाद पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी के आवास के बाहर कई घंटों तक हाईवोल्टेज ड्रामा चलता रहा था। 

वहीं, गोपालगंज के हथुआ थाना में भी गोपालगंज के बरौली विधानसभा क्षेत्र से राष्ट्रीय जनता दल के विधायक मोहम्मद नेमतुल्लाह और जिला राजद अध्यक्ष राजेश कुशवाहा सहित 13 नामजद व 60 अज्ञात RJD कार्यकर्ताओं के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है। गोपालगंज के पुलिस अधीक्षक मनोज कुमार तिवारी ने इसकी पुष्टि करते हुए कहा कि इन पर लॉकडाउन का उल्लंघन करने का आरोप है। ये सभी लोग रूपनचक गांव में शुक्रवार को धरने पर बैठे थे।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। बिहार से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।