Bajpatti Assembly Election 2025: बिहार की कुल 243 विधानसभा सीटों में से बाजपट्टी विधानसभा की सीट भी अहम है। यह विधानसभा सीट सीतामढ़ी लोकसभा सीट के अंतर्गत आती है। इस सीट पर बीजेपी, जेडीयू, एलजेपी और आरजेडी, कांग्रेस गठबंधन से कड़ा मुकाबला होने के आसार है। वहीं जनसुराज पार्टी ने भी इस बार चुनाव को दिलचस्प बना दिया है। बिहार विधानसभा चुनाव की तारीखों का ऐलान हो चुका है। राज्य में 6 और 11 नवंबर को वोटिंग होगी और 14 नवंबर को मतगणना होगी।
Related Stories
जातीय समीकरण
बाजपट्टी विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत बाजपट्टी और बोखरा ब्लॉक के अलावा नानपुर की 12 ग्राम पंचायतें भी शामिल हैं। यह विधानसभा सीट वर्ष 2008 में अस्तित्व में आई थीं। तब से लेकर अब तक इस सीट पर तीन चुनाव हो चुके हैं। फिलहाल यह विधानसभा सीट राष्ट्रीय जनता दल के पास है। 2020 के विधानसभा चुनाव में मुकेश कुमार यादव ने इस सीट पर जीत हासिल की थी। 2020 के विधानसभा चुनाव में बाजपट्टी में कुल 3,18,309 रजिस्टर्ड वोटर थे जिनमें 97,402 मुस्लिम (30.60%) और 28,966 अनुसूचित जाति (SC) वोटर (9.10%) शामिल थे। यह क्षेत्र पूरी तरह ग्रामीण था। 2024 के लोकसभा चुनाव तक मतदाता संख्या बढ़कर 3,37,812 हो गई।
2020 विधानसभा चुनाव
वर्ष 2020 के विधानसभा चुनाव में बाजपट्टी विधानसभा सीट पर रोचक मुकाबले में राष्ट्रीय जनता दल के उम्मीदवार मुकेश कुमार यादव ने 2,704 वोटों से जीत दर्ज की थी। उन्होंने जनता दल यूनाइटेड की उम्मीदवार डॉ. रंजू गीता को शिकस्त दी। मुकेश कुमार यादव को कुल 71,483 वोट मिले थे जबकि डॉ. रंजू गीता को कुल 68,779 प्राप्त हुए।
2015 विधानसभा चुनाव
वर्ष 2015 के विधानसभा चुनाव में इस सीट पर जनता दल यूनाइडेट की उम्मीदवार डॉ. रंजू गीता ने जीत हासिल की थी। उन्होंने 16,946 वोटों से आरएलएसपी उम्मीदवार रेखा कुमारी को शिकस्त दी थी। डॉ. रंजू गीता को कुल 67,194 वोट मिले थे जबकि रेखा कुमारी को 50,248 वोट हासिल हुए थे।
2010 विधानसभा चुनाव
वर्ष 2010 के विधानसभा चुनाव की बात करें तो इस चुनाव में भी दिलचस्प मुकाबला देखने को मिला था। जनता दल यूनाइटेड की उम्मीदवार डॉ. रंजू गीता ने 3,420 वोटों से जीत हासिल की थी। उन्होंने राष्ट्रीय जनता दल के मो. अनवारूल हक को शिकस्त दी थी। डॉ. रंजू गीता को कुल 44,726 वोट मिले जबकि मो. अनवारूल हक को 41,306 वोट हासिल हुए।