1. Hindi News
  2. बिहार
  3. बिहार विधानसभा चुनाव: '243 सीटों पर चिराग पासवान बनकर चुनाव लडूंगा', केंद्रीय मंत्री का बड़ा बयान

बिहार विधानसभा चुनाव: '243 सीटों पर चिराग पासवान बनकर चुनाव लडूंगा', केंद्रीय मंत्री का बड़ा बयान

 Written By: Rituraj Tripathi @riturajfbd
 Published : Jun 08, 2025 04:24 pm IST,  Updated : Jun 08, 2025 04:38 pm IST

केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान ने बिहार चुनाव को लेकर बयान दिया और कहा कि वह और उनकी पार्टी 243 सीटों पर चुनाव लड़ेंगे। उन्होंने जंगलराज को लेकर कांग्रेस पर निशाना साधा।

Chirag Paswan- India TV Hindi
केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान Image Source : FILE/PTI

आरा: केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान ने बिहार विधानसभा चुनाव को लेकर बयान दिया है। उन्होंने कहा, 'मैं और मेरी पार्टी एनडीए गठबंधन को मजबूत करने के लिए बिहार में 243 सीटों पर चुनाव लड़ेंगे। मेरा लक्ष्य है कि एनडीए जीत की ओर बढ़े।' उन्होंने कहा, 'मैं NDA गठबंधन को मजबूती देने के लिए बिहार की 243 सीटों पर चिराग पासवान बनकर चुनाव लडूंगा।'

जंगलराज को लेकर कही ये बात

बिहार के भोजपुर में एक जनसभा को संबोधित करते हुए केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान ने कहा,'जिस जंगलराज की हम बात करते हैं, उसके लिए सिर्फ आरजेडी ही नहीं, बल्कि कांग्रेस भी बराबर की जिम्मेदार है। यह हमारी सरकार है, जिसने कर्पूरी ठाकुर को भारत रत्न दिया।'

बिहार में कब हैं विधानसभा चुनाव?

बिहार विधानसभा चुनाव 2025 में हैं। इनकी अक्टूबर या नवंबर में होने की संभावना है, हालांकि अभी इसकी पुष्टि नहीं हुई है। दरअसल चुनाव आयोग दीवाली और छठ जैसे त्योहारों को ध्यान में रखकर तारीखें तय कर सकता है। बिहार विधानसभा का कार्यकाल 22 नवंबर 2025 को समाप्त हो रहा है, इसलिए उससे पहले चुनाव प्रक्रिया पूरी होनी आवश्यक है।

चुनावों में चिराग पासवान और उनकी पार्टी की क्या भूमिका है?

बिहार विधानसभा चुनावों में चिराग पासवान और उनकी पार्टी लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) की भूमिका अहम है। चिराग पासवान ने बार-बार इस बात पर जोर देते रहे हैं कि उनकी राजनीति का केंद्र बिहार है, और उनका विजन "बिहार फर्स्ट, बिहारी फर्स्ट" है। वे केंद्र की राजनीति से हटकर बिहार में सक्रिय भूमिका निभाने की इच्छा रखते हैं। उन्होंने एक बार ये बात कही भी थी कि दिल्ली में रहकर उनका यह सपना पूरा नहीं हो सकता, जिससे संकेत मिलता है कि वे बिहार विधानसभा में सक्रिय भागीदारी चाहते हैं।

दरअसल चिराग पासवान की पार्टी एनडीए (राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन) का हिस्सा है, जिसमें बीजेपी, जेडीयू, हिंदुस्तानी अवाम मोर्चा (हम), और राष्ट्रीय लोक मोर्चा शामिल हैं। चिराग पासवान का मुख्य वोट बैंक पासवान (दुसाध) समुदाय है, जो बिहार की आबादी का लगभग 5.31% है। यह यादवों के बाद दूसरी सबसे बड़ी जाति है।

हालांकि, चिराग केवल दलित नेता के रूप में सीमित नहीं रहना चाहते। उनकी रणनीति सभी वर्गों को आकर्षित करने की है।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। बिहार से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।