1. Hindi News
  2. बिहार
  3. Bihar Bypolls: बिहार की मोकामा और गोपालगंज सीट से बीजेपी ने किसे बनाया कैंडिडेट, जानें

Bihar Bypolls: बिहार की मोकामा और गोपालगंज सीट से बीजेपी ने किसे बनाया कैंडिडेट, जानें

 Published : Oct 09, 2022 09:22 pm IST,  Updated : Oct 09, 2022 09:22 pm IST

Bihar Bypolls: बिहार की मोकामा और गोपालगंज विधानसभा सीटों पर होने वाले उपचुनाव के लिए बीजेपी ने अपने कैंडिडेट्स के नाम फाइनल कर दिए हैं।

BJP declares candidates for by-elections in Bihar- India TV Hindi
BJP declares candidates for by-elections in Bihar Image Source : REPRESENTATIONAL IMAGE

Highlights

  • बिहार उपचुनाव को लेकर बीजेपी की तैयारी पूरी
  • मोकामा और गोपालगंज सीटों पर जारी किए नाम
  • 14 अक्टूबर तक दाखिल किए जाएंगे नामांकन पत्र

Bihar Bypolls: बिहार में दो विधानसभा सीटों पर चुनाव होने हैं। जाहिर है इन सीटों पर जीत के लिए बीजेपी ने कमर कस ली है। भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने बिहार की मोकामा और गोपालगंज विधानसभा सीट पर होने वाले उपचुनाव के लिए रविवार को अपने उम्मीदवारों की भी घोषणा कर दी। खास बात ये है कि इन दोनो ही सीटों पर होने वाले उपचुनाव को सात दलों वाले सत्तारूढ़ “महागठबंधन” के सामने बीजेपी की पहली चुनावी लड़ाई के तौर पर देखा जा रहा है। 

गोपालगंज से दिवंगत विधायक की पत्नी को टिकट

भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव अरुण सिंह ने एक एक पत्र जारी किया। इसके अनुसार, गोपालगंज से पार्टी के विधायक रहे सुभाष सिंह की पत्नी कुसुम देवी उम्मीदवार होंगी। सुभाष सिंह का किडनी ट्रांसप्लांट से संबंधित जटिलताओं के कारण 16 अगस्त को 59 साल की उम्र में निधन हो गया था। सुभाष सिंह के निधन के बाद गोपालगंज विधानसभा सीट पर उपचुनाव की जरूरत पड़ी। उनके निधन से ठीक एक सप्ताह पहले मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने भाजपा से नाता तोड़कर महागठबंधन के साथ सरकार बना ली थी। दिवंगत सुभाष सिंह की पत्नी इस चुनाव उनके पक्ष में पनपी सहानुभूति की लहर को भुनाने की कोशिश करेंगी। 

मोकामा से बाहुबली ललन सिंह की पत्नी को मौका
वहीं मोकामा में, चार बार के विधायक व बाहुबली अनंत कुमार सिंह को अयोग्य करार दिए जाने के बाद उपचुनाव की आवश्यकता पड़ी है। भाजपा ने इस सीट से सोनम देवी को टिकट दिया है। सोनम देवी स्थानीय बाहुबली नलिनी रंजन सिंह उर्फ ललन सिंह की पत्नी हैं। ललन सिंह की अनंत सिंह के साथ पुरानी दुश्मनी रही है। सोनम देवी के पति ललन सिंह ने एक दिन पहले मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की पार्टी जनता दल यूनाइटेड (जद-यू) का साथ छोड़ दिया था, जिसके बाद भाजपा की तरफ से सोनम देवी की उम्मीदवारी की घोषणा की गई। ललन सिंह 2020 के विधानसभा चुनाव से पहले टिकट मिलने की आस में जद(यू) में शामिल हुए थे। तब से उन्हें नजरअंदाज किया जा रहा था, जिससे वह नाराज थे। 

14 अक्टूबर तक दाखिल होंगे नामांकन पत्र
अनंत सिंह की पत्नी नीलम देवी मोकामा सीट से राजद का टिकट पाने का प्रयास कर रही हैं। हालांकि, सत्तारूढ़ गठबंधन ने अभी इस संबंध में फैसला नहीं किया है कि कौन सी पार्टी दोनों सीट पर होने वाले उपचुनाव में लड़ेगी। सत्तारूढ़ महागठबंधन में राजद, जद (यू), कांग्रेस, भाकपा (माले), माकपा, भाकपा और हिंदुस्तानी अवाम मोर्चा (हम) शामिल है। दोनों सीट पर होने वाले उपचुनाव के लिये नामांकन पत्र दाखिल करने की अंतिम तिथि 14 अक्टूबर है। 

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। बिहार से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।