1. Hindi News
  2. बिहार
  3. 'तिरंगा यात्रा' न निकालने देने पर सीओ ने दिया इस्तीफा, थाने पहुंचकर बोले- 'मुझे गिरफ्तार कर लो'

'तिरंगा यात्रा' न निकालने देने पर सीओ ने दिया इस्तीफा, थाने पहुंचकर बोले- 'मुझे गिरफ्तार कर लो'

 Published : Aug 16, 2025 09:00 pm IST,  Updated : Aug 16, 2025 09:02 pm IST

बिहार के जमुई में सीओ निर्भय प्रताप सिंह ने तिरंगा यात्रा रोकने से नाराज होकर इस्तीफे का ऐलान कर दिया। उन्होंने थाने पहुंचकर कहा, 'अगर तिरंगा यात्रा अपराध है तो मुझे गिरफ्तार करें।' इस घटना को उनकी संभावित राजनीतिक महत्वाकांक्षा से भी जोड़ा जा रहा है।

Jamui CO tiranga yatra, Bihar CO resignation news- India TV Hindi
थाने में गिरफ्तारी देने पहुंचे सीओ निर्भय प्रताप सिंह। Image Source : REPORTER INPUT

जमुई: बिहार के जमुई जिले में स्वतंत्रता दिवस के मौके पर तिरंगा यात्रा को लेकर बड़ा विवाद सामने आया है। अंचलाधिकारी यानी कि सीओ निर्भय प्रताप सिंह ने तिरंगा यात्रा रोके जाने से नाराज होकर अपने पद से इस्तीफे का ऐलान कर दिया। उन्होंने टाउन थाने पहुंचकर थानेदार से कहा, 'अगर तिरंगा यात्रा निकालना जुर्म है तो मुझे गिरफ्तार कर लो।' बता दें कि 12 अगस्त को सीओ निर्भय प्रताप सिंह अपनी संस्था 'नेचर विलेज' के बैनर तले 'शौर्य तिरंगा यात्रा' निकालना चाहते थे।

'6 अगस्त को प्रशासन से सहमति पत्र मिला था'

अंचलाधिकारी निर्भय प्रताप सिंह की इस तिरंगा यात्रा में बड़ी संख्या में लोग शामिल होने पहुंचे थे, जो 'भारत माता की जय' और 'वंदे मातरम' जैसे नारे लगा रहे थे। लेकिन जमुई पुलिस ने यात्रा की इजाजत नहीं दी और इसे रोक दिया। सीओ का कहना है कि उन्होंने 4 अगस्त को ही अनुमंडल पदाधिकारी (एसडीओ) को लिखित आवेदन दे दिया था और 6 अगस्त को प्रशासन से सहमति पत्र भी मिला था। इसके बावजूद, यात्रा के दिन पुलिस ने उन्हें रोक दिया।

थाने में सीओ और थानेदार के बीच तीखी बहस

यात्रा रोके जाने से नाराज अंचलाधिकारी निर्भय प्रताप सिंह ने थानेदार अमरेंद्र कुमार से फोन पर बात की। सीओ ने कहा, 'मैंने पहले ही आवेदन दे दिया था।' इस पर थानेदार ने जवाब दिया, 'आवेदन देने से क्या होता है?' इस जवाब ने सीओ और उनके समर्थकों को और भड़का दिया। इसके बाद सीओ अपने समर्थकों के साथ टाउन थाना पहुंच गए और थानेदार से बोले, 'अगर भारत में तिरंगा यात्रा निकालना अपराध है तो मुझे गिरफ्तार कर लीजिए। क्या ये पाकिस्तान है, जहां तिरंगे के लिए इजाजत लेनी पड़े? जब एक CO के साथ पुलिस ऐसा सलूक कर सकती है, तो आम जनता के साथ क्या होता होगा?'

Jamui CO tiranga yatra, Bihar CO resignation news
Image Source : REPORTER INPUTसीओ निर्भय प्रताप सिंह और पुलिस अधिकारी के बीच जमकर बहस हुई।

एसडीओ की धमकी और सीओ का गुस्सा

सीओ ने बताया कि उन्होंने एसडीओ सौरव कुमार से भी फोन पर बात की थी। एसडीओ ने कहा, 'बिना इजाजत यात्रा निकाली तो FIR कर देंगे।' इस धमकी से आहत होकर सीओ ने 15 अगस्त को प्रेस कॉन्फ्रेंस बुलाई और अपने पद से इस्तीफे की घोषणा कर दी। उन्होंने कहा, 'मैं जल्द ही अपना इस्तीफा विभाग को सौंप दूंगा। अगर मैं दोषी हूं तो मुझे गिरफ्तार करें, वरना दोषी पुलिस अधिकारियों पर कार्रवाई हो।'

भविष्य में चुनाव लड़ने की तैयारी कर रहे हैं सीओ?

इस्तीफे का ऐलान करने के बाद सीओ एसडीओ, एसपी और डीएम कार्यालय गए, लेकिन स्वतंत्रता दिवस होने के कारण सभी कार्यालय बंद थे। उन्होंने पत्रकारों से कहा, 'मैं सीनियर अधिकारियों से मिलकर इस मामले की जांच की मांग करूंगा। दोषी अधिकारियों पर सख्त कार्रवाई होनी चाहिए।' स्थानीय स्तर पर चर्चा है कि सीओ निर्भय प्रताप सिंह भविष्य में चुनाव लड़ने की तैयारी कर रहे हैं। इस घटना को कुछ लोग उनकी राजनीतिक महत्वाकांक्षा से भी जोड़कर देख रहे हैं। हालांकि, सीओ ने इस बारे में कोई स्पष्ट बयान नहीं दिया है। (रिपोर्ट: अंजुम आलम)

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। बिहार से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।