पटना: बिहार के चर्चित विधायक अनंत सिंह को उनका परिवार जेल से बाहर निकालने की कोशिश में है। अनंत सिंह इस समय दुलारचंद हत्याकांड को लेकर बेऊर जेल में बंद हैं। ऐसे में अनंत सिंह के बेटों (अंकित और अभिषेक) ने अपनी मां और पूर्व विधायक नीलम देवी के साथ केंद्रीय मंत्री ललन सिंह से मुलाकात की है। इस मुलाकात की तस्वीर भी सामने आई है।
माना जा रहा है कि अनंत सिंह के परिवार के तीनों लोगों ने अनंत को जेल से बाहर निकालने के लिए ललन सिंह से मुलाकात की है।
गौरतलब है कि हालही में अनंत सिंह की जमानत याचिका एमपी-एमएलए कोर्ट ने खारिज कर दी थी। अनंत सिंह मोकामा से विधायक हैं और बिहार चुनाव के दौरान हुई दुलारचंद यादव की हत्या मामले में जेल में बंद हैं। बिहार चुनाव में एनडीए को भारी बहुमत से जीत मिली है। ऐसे में अनंत सिंह के समर्थकों को लग रहा था कि अनंत को जमानत मिलना आसान होगा लेकिन वह जेल से बाहर नहीं आ पाए।
अनंत सिंह की मुश्किलें उस वक्त बढ़ गईं थी, जब बिहार विधानसभा चुनाव के दौरान उन्हें दुलारचंद यादव हत्याकांड केस में मुख्य आरोपी के तौर पर नामजद किया गया। इस मामले के सामने आने के बाद उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया और पटना के बेऊर जेल में वह बंद हैं।
अनंत सिंह मोकामा से विधायक हैं लेकिन उनकी चर्चा बिहार समेत देशभर में होती है। वह अपने बयानों की वजह से मीडिया और सोशल मीडिया दोनों में ही काफी चर्चा में रहते हैं। उन्हें अपने बेबाक अंदाज के लिए जाना जाता है और वह बयान देने से पहले ज्यादा सोचते नहीं हैं।
अनंत सिंह को केंद्रीय मंत्री ललन सिंह का खास माना जाता है। अब देखना ये होगा कि ललन सिंह, अनंत सिंह को जेल से बाहर निकालने में कुछ सहयोग कर पाते हैं या नहीं।
संपादक की पसंद