1. Hindi News
  2. बिहार
  3. बिहार: तेज प्रताप यादव के घर पहुंचे पिता लालू यादव, चूड़ा दही भोज में हुए शामिल, क्या सामान्य हो गए रिश्ते?

बिहार: तेज प्रताप यादव के घर पहुंचे पिता लालू यादव, चूड़ा दही भोज में हुए शामिल, क्या सामान्य हो गए रिश्ते?

 Reported By: Nitish Chandra Edited By: Rituraj Tripathi
 Published : Jan 14, 2026 12:07 pm IST,  Updated : Jan 14, 2026 12:49 pm IST

बिहार के पूर्व सीएम लालू यादव अपने बड़े बेटे तेज प्रताप यादव के घर भोज में पहुंचे हैं। तेज प्रताप ने 13 जनवरी को अपने माता-पिता से मिलकर उन्हें चूड़ा दही भोज में शामिल होने का निमंत्रण दिया था।

Lalu Prasad Yadav, Tej Pratap Yadav- India TV Hindi
तेज प्रताप यादव के घर पहुंचे पिता लालू यादव, चेहरे पर ढंका कपड़ा Image Source : ANI

पटना: बिहार के पूर्व सीएम लालू प्रसाद यादव के बड़े बेटे तेज प्रताप यादव से जुड़ी बड़ी खबर सामने आई है। तेज प्रताप यादव के घर चूड़ा दही भोज में उनके पिता लालू यादव पहुंचे हैं।

गौरतलब है कि तेज प्रताप यादव ने सोशल मीडिया पर एक लड़की के साथ अपनी तस्वीर वायरल होने के बाद हुए विवाद के बाद अपना घर छोड़ दिया था। उसके बाद से तेज प्रताप यादव अलग घर में रह रहे थे। लालू यादव इस विवाद के बाद पहली बार तेज प्रताप यादव के घर पहुंचे हैं। 

ऐसे में सियासी गलियारों में ये सवाल उठने लगा है कि क्या लालू यादव और उनके बेटे तेज प्रताप यादव के बीच रिश्ते सामान्य हो गए हैं? बता दें कि लड़की के साथ तस्वीर सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद तेज प्रताप को उनके पिता लालू यादव ने RJD और लालू परिवार से निकाल दिया था। इसके बाद तेज प्रताप ने अपनी नई पार्टी बनाई थी और अपनी पार्टी के सिंबल से ही बिहार विधानसभा चुनाव 2025 लड़ा था। हालांकि इस चुनाव में तेज प्रताप यादव को हार मिली थी। 

13 जनवरी को तेज प्रताप ने दिया था निमंत्रण

तेज प्रताप यादव ने 13 जनवरी को एक्स पर पोस्ट करके बताया था, "आज अपने पिताजी आदरणीय श्री लालू प्रसाद यादव जी, माता जी आदरणीय श्रीमती राबड़ी देवी जी से 10 सर्कुलर रोड स्थित आवास पहुंचकर मुलाकात कर आशीर्वाद प्राप्त किया और अपने छोटे भाई और बिहार विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी से भी भेंट मुलाकात कर कल 14 जनवरी को मकर संक्रांति के अवसर पर आयोजित होने वाले "ऐतिहासिक दही -चूड़ा भोज" कार्यक्रम हेतु निमंत्रण पत्र देकर आमंत्रित किया। साथ ही आज अपनी प्यारी भतीजी कात्यायनी को गोद में खिलाने का अद्भुत पल भी प्राप्त हुआ।"

मामा साधु यादव और प्रभुनाथ यादव भी पहुंचे

तेज प्रताप यादव के मामा साधु यादव और प्रभुनाथ यादव भी उनके आवास पर चूड़ा दही भोज में पहुंचे। हालांकि जब साधु यादव तेज प्रताप के घर पहुंचे, उससे पहले लालू यादव उनके घर से निकल चुके थे।

राज्यपाल भी हुए भोज में शामिल

तेज प्रताप यादव द्वारा दिए गए भोज में राज्यपाल आरिफ मोहम्मद खान भी शामिल हुए। 

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। बिहार से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।