1. Hindi News
  2. बिहार
  3. बिहार के मोकामा में फिर चली गोली, पुलिस ने सोनू को गिरफ्तार किया

बिहार के मोकामा में फिर चली गोली, पुलिस ने सोनू को गिरफ्तार किया

 Reported By: Nitish Chandra, Edited By: Subhash Kumar
 Published : Jan 24, 2025 10:04 am IST,  Updated : Jan 24, 2025 11:59 am IST

बिहार के मोकामा में फिर से गोली चलने की खबर सामने आ रही है। जानकारी के मुताबिक, मुकेश सिंह के घर पर गोली चलाई गई है। इस बीच पुलिस ने सोनू को गिरफ्तार कर लिया है।

मोकामा फायरिंग केस में आरोपी सोनू गिरफ्तार।- India TV Hindi
मोकामा फायरिंग केस में आरोपी सोनू गिरफ्तार। Image Source : ANI/INDIA TV

बिहार के मोकामा में गैंगवार थमने का नाम नहीं ले रहा है। मोकामा के जिस नौरंग जलालपुर गांव में बुधवार को गोली चली थी, वहां एक बार फिर से फायरिंग हुई है। ग्रामीणों का दावा है कि मुकेश सिंह के घर पर फायरिंग हुई है। बता दें कि इससे पहले बुधवार को नौरंग के मुकेश सिंह के घर पर ताला खुलवाने पर विवाद हुआ था जिसमें अनंत सिंह के समर्थकों और गैंगस्टर सोनू-मोनू के बीच भारी गोलीबारी हुई थी। इस मामले में पंचमहला थाने में दोनों गुटों के खिलाफ कुल तीन एफआईआर दर्ज की गई है। बावजूद इसके बीती रात एक बार फिर फायरिंग से मोकामा का नौरंग जलालपुर गांव दहल उठा है।

मुकेश सिंह के घर पर फायरिंग

जानकारी के मुताबिक, मोकामा के नौरंग जलालपुर गांव में बीती रात फिर से चली गोली है। ग्रामीणों ने दावा किया है कि मुकेश सिंह के घर पर फायरिंग हुई है। ये पंचमहला थाना के नौरंगा का मामला है। बता दें कि इसी मुकेश सिंह नाम के शख्स के घर पर ताला खुलवाने पर हुआ था विवाद हुआ था जिसके बाद गोलीबारी की घटना हुई थी।

पुलिस ने सोनू को गिरफ्तार किया

इस मामले से जुड़ी बड़ी खबर ये है कि पुलिस ने सोनू को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने सोनू के अलावा रौशन नाम के एक व्यक्ति को भी गिरफ्तार किया है। रौशन को अनंत सिंह का समर्थक बताया जाता है।सोनू ने मुकेश के घर में ताला लगा दिया था और उसके साथ मारपीट की थी। एक बार फिर से मुकेश के घर के बाहर फायरिंग की घटना हुई है। बता दें कि मुकेश का समर्थन अनंत सिंह कर रहे हैं। अनंत सिंह ने ही मुकेश के घर का ताला खुलवाया था। जानकारी के मुताबिक, मुकेश का सोनू के साथ पैसे के लेन देन का विवाद चल रहा है।

अनंत सिंह ने क्या बताया?

मोकामा में जारी बवाल को लेकर पूर्व विधायक अनंत सिंह का बयान सामने आया था। उन्होंने कहा था कि गांव के कुछ गरीब लोग उनसे मिले थे और उन्होंने आरोप लगाया था कि कुछ प्रभावशाली लोगों ने उन्हें उनके घरों से बाहर निकाल दिया तथा उनके घरों पर ताला भी लगा दिया है। अनंत सिंह ने कहा- "मैं शाम को गांव गया और अपने समर्थकों से ताले खोलने को कहा। मैंने अपने लोगों से उन लोगों को बुलाने को भी कहा जिन्होंने गरीब लोगों के घरों में जबरन ताले लगा दिए थे। जब मेरे लोग सोनू-मोनू (ग्रामीण) के घर पहुंचे तो उन पर हमला कर दिया गया। सोनू-मोनू के समर्थकों ने गोलीबारी शुरू कर दी। मेरे लोगों ने भी जवाबी कार्रवाई की।" अनंत सिंह ने दावा किया है कि उनके एक समर्थक को गोली लगी है और वह अस्पताल में भर्ती है।

ये भी पढ़ें- मोकामा गोलीबारी: पुलिस ने दर्ज की तीन FIR, अनंत सिंह पर भी मामला दर्ज

बिहार: मोकामा में गैंगवार, फायरिंग के बाद अनंत सिंह का पहला रिएक्शन, सुनिए क्या कहा

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। बिहार से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।