1. Hindi News
  2. बिहार
  3. बिहार: कटिहार में भीषण सड़क हादसा, बस और पिकअप वाहन के बीच टक्कर में 13 लोगों की मौत, 30 से ज्यादा घायल

बिहार: कटिहार में भीषण सड़क हादसा, बस और पिकअप वाहन के बीच टक्कर में 13 लोगों की मौत, 30 से ज्यादा घायल

 Written By: Rituraj Tripathi @riturajfbd
 Published : Apr 11, 2026 08:39 pm IST,  Updated : Apr 11, 2026 11:48 pm IST

बिहार के कटिहार में एक भीषण सड़क हादसे की खबर सामने आई है। इस हादसे में 13 लोगों की मौत हुई है और 30 से ज्यादा लोग घायल हुए हैं।

Katihar- India TV Hindi
कटिहार में भीषण सड़क हादसा Image Source : REPORTER INPUT

कटिहार: बिहार के कटिहार में भीषण सड़क हादसा हुआ है, जिसमें 13 लोगों की मौत हुई है। ये हादसा तब हुआ, जब बस और पिकअप के बीच टक्कर हुई। इस घटना में 30 से ज्यादा लोग घायल भी हुए हैं।

क्या है पूरा मामला?

कटिहार के कोढ़ा थाना क्षेत्र के NH-31 पर एक भीषण सड़क हादसे में अब तक 13 लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि 30 से ज्यादा लोग घायल बताए जा रहे हैं। मृतकों में महिलाएं और एक मासूम बच्ची भी शामिल हैं। यह हादसा उस वक्त हुआ जब मेला देखकर लौट रहे लोगों की पिकअप और तेज रफ्तार बस के बीच आमने-सामने की टक्कर हो गई।

बिहार के कटिहार जिले के कोढ़ा थाना क्षेत्र के फुलवरिया और बसगढ़ा के बीच NH-31 पर एक भीषण सड़क हादसा हो गया, जिसने पूरे इलाके को दहला कर रख दिया। बताया जा रहा है कि एक तेज रफ्तार बस और यात्रियों से भरी पिकअप के बीच आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई। 

घायलों में करीब 20 की हालत गंभीर बताई जा रही है, जिन्हें बेहतर इलाज के लिए पूर्णिया सदर अस्पताल रेफर किया गया है। मृतकों में महिलाएं और एक मासूम बच्ची भी शामिल हैं, जिससे इस हादसे की भयावहता और बढ़ जाती है।

जानकारी के अनुसार, पिकअप पर सवार सभी लोग पूर्णिया जिले के धमदाहा के रहने वाले थे, जो मेला देखकर अपने घर वापस लौट रहे थे, तभी यह दर्दनाक हादसा हो गया। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई और पूरे इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया।

इसी हादसे के दौरान एक और दर्दनाक घटना सामने आई, जहां बाइक सवार सदानंद हसदा की बस की चपेट में आने से मौत हो गई। वे अपने बेटे के लिए लड़की देखने मरवा गांव आए थे और लौटने के दौरान यह हादसा हो गया। 

बाइक पर सवार प्रमिला देवी और एक बच्ची गंभीर रूप से घायल हो गईं, जिन्हें इलाज के लिए पूर्णिया सदर अस्पताल रेफर किया गया है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है और मृतकों की पहचान की प्रक्रिया जारी है। (इनपुट: कटिहार से निरंजन सिंह)

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। बिहार से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।