1. Hindi News
  2. बिहार
  3. हॉस्टल में कैंटीन गार्ड ने छात्र के साथ किया कुकर्म, फिर उतारा मौत के घाट, जहानाबाद में निर्मम हत्याकांड का खुलासा

हॉस्टल में कैंटीन गार्ड ने छात्र के साथ किया कुकर्म, फिर उतारा मौत के घाट, जहानाबाद में निर्मम हत्याकांड का खुलासा

 Published : Apr 10, 2026 07:03 pm IST,  Updated : Apr 10, 2026 07:14 pm IST

बिहार के जहानाबाद जिले में पुलिस ने गुरुकुल हॉस्टल में मासूम छात्र की निर्मम हत्याकांड का खुलासा कर दिया है। जानकारी के मुताबिक, हॉस्टल के कैंटीन गार्ड ने कुकर्म के बाद छात्र को मौत के घाट उतारा है।

brutal murder case uncovered in Jehanabad- India TV Hindi
हॉस्टल में छात्र की हत्या की गुत्थी सुलझी। Image Source : REPORTER

बिहार के जहानाबाद के कड़ौना थाना क्षेत्र स्थित मुठेर-लोदीपुर गांव के पास संचालित गुरुकुल हॉस्टल में मासूम छात्र की हत्या मामले की गुत्थी पुलिस ने सुलझा ली है। पुलिस द्वारा किए गए इस बड़े खुलासे ने सबको झकझोर कर रख दिया है। इस सनसनीखेज वारदात में कैंटीन में कार्यरत गार्ड मुकेश उर्फ सुदामा को गिरफ्तार किया गया है, जिसने इस जघन्य वारदात को अंजाम दिया था। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में भी चौंकाने वाले तथ्य सामने आए हैं। रिपोर्ट के अनुसार मासूम के साथ अप्राकृतिक कृत्य किए जाने की पुष्टि हुई है। इसके बाद आरोपी ने साक्ष्य छिपाने के लिए उसकी हत्या कर दी। पुलिस ने घटना में प्रयुक्त धारदार ब्लेड को भी बरामद कर लिया है, जिससे वारदात को अंजाम दिया गया था।

​एसपी अपराजित लोहान ने मामले का खुलासा करते हुए बताया कि जांच के दौरान पुलिस को कई अहम सुराग मिले, जिसके आधार पर कैंटीन गार्ड मुकेश उर्फ सुदामा को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। सख्ती से पूछताछ में उसने अपना जुर्म स्वीकार किया है। इस जघन्य अपराध को कैंटीन गार्ड ने अंजाम दिया था। घटना के वक्त आरोपी शराब के नशे में धुत था। पकड़ा गया आरोपी पाली थाना क्षेत्र के बेमभई गांव का रहने वाला है। जांच में यह बात सामने आई है कि गार्ड की पत्नी उसे पहले ही छोड़ चुकी थी। इस वजह से हॉस्टल के बच्चे उसे अक्सर नपुंसक कहकर चिढ़ाते थे, जिससे वह मानसिक कुंठा का शिकार था। साथ ही, कुछ समय पहले हॉस्टल संचालक से उसका विवाद हुआ था। जिसके बाद आरोपी गार्ड ने हॉस्टल को बदनाम कर उसे बंद कराने की धमकी थी।

एसपी ने बताया कि ​रविवार की रात हॉस्टल के बच्चे टीवी देख रहे थे। जैसे ही टीवी बंद हुआ, गार्ड ने मासूम बच्चे को बहला-फुसलाकर चुपके से अपने कमरे में बुला लिया। जहां उसने मासूम के साथ जबरन कुकर्म किया। जब बच्चा चीखने-चिल्लाने लगा, तो पकड़े जाने के डर से गार्ड ने धारदार हथियार से उसकी गला रेतकर हत्या कर दी और शव को सीढ़ी पर फेंक दिया। ​पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है और मामले में त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जा रही है। इस मामले में पुलिस ने सिर्फ गार्ड ही नहीं, बल्कि हॉस्टल संचालक तरुण कुमार उर्फ गांधी को भी गिरफ्तार किया है।

जांच में पाया गया कि संचालक ने न केवल सुरक्षा के मानकों की अनदेखी की, बल्कि घटना के बाद तथ्यों को छिपाने और पुलिस को गुमराह करने की कोशिश की। एसपी ने बताया कि मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है और उसके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जा रही है। इस घटना के खुलासे के बाद जहां पुलिस ने राहत की सांस ली है, वहीं मृतक के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस अब इस बात की भी जांच कर रही है कि क्या हॉस्टल में अन्य बच्चों के साथ भी इस तरह की घटनाएं हुई थीं। वहीं, इस घटना के बाद से इलाके में आक्रोश व्याप्त है और अभिभावक सुरक्षा व्यवस्था को लेकर चिंतित हैं। (रिपोर्ट: मुकेश)

 

 

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। बिहार से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।