1. Hindi News
  2. बिहार
  3. अनोखी चोरियों में नंबर 1 है बिहार, जानिए इस बार क्या चोरी हो गया

अनोखी चोरियों में नंबर 1 है बिहार, जानिए इस बार क्या चोरी हो गया

 Published : Apr 24, 2023 05:43 pm IST,  Updated : Apr 24, 2023 07:01 pm IST

बताया जा रहा है कि जिस मोबाइल टावर की चोरी हुई है वह काफी दिनों से बंद पड़ा था। कंपनी की ओर से जब इसका निरीक्षण किया गया तब टावर सहित उसके सभी उपकरण गायब पाए गए।

Bihar News- India TV Hindi
अनोखी चोरियों में नंबर 1 है बिहार Image Source : FILE

मुजफ्फरपुर: देश में चोरियां होना आम बात हैं लेकिन बिहार में अनोखी तरह की चोरियां होती हैं। चोर कभी नदी के ऊपर बना हुआ पुल चुरा ले जाते हैं तो कभी पूरी की पूरी सड़क हिउ चुराने की खबर आती है। एक बार तो राज्य में रेलवे का इंजन ही चुरा लिया गया। यहां मोबाइल टावर की चोरियां तो अब आम बात सी हो गई हैं। चोरों ने एक बार फिर से कारनामा करते हुए मुजफ्फरपुर जिले के नगर थाना क्षेत्र में एक बार फिर मोबाइल टावर की चोरी की है। 

मामले की जांच में जुटी पुलिस 

इससे पहले भी मुजफ्फरपुर से ही मोबाइल टावर की चोरी हो चुकी है, जिसकी जांच अभी पुलिस कर रही है कि फिर से एक और मोबाइल टावर चोरी की घटना घटी है। मोबाइल टावर कंपनी ने इस मामले की प्राथमिकी संबंधित थाना में दर्ज कराई है। पुलिस के मुताबिक, नगर थाना क्षेत्र के सिकंदरपुर ओपी में न्यू कॉलोनी बालू घाट पर जीटीएल इंफ्रास्ट्रक्च र कंपनी लिमिटेड का मोबाइल टावर लगा था। चोरों ने इस मोबाइल टावर के जेनरेटर सहित सभी सामान चुरा लिए हैं।

कुछ महीनों पहले भी हुई थी इसी तरह की चोरी 

पुलिस ने हालांकि इस मामले को संदिग्ध मानकर जांच प्रारंभ कर दी है। सिकंदर ओपी में हुए मोबाइल टावर चोरी को लेकर नगर थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई गई है। मुजफ्फरपुर (नगर) पुलिस उपाधीक्षक राघव दयाल ने बताया कि मोबाइल टावर चोरी की FIR दर्ज कर ली गई है। अभी यह मामला संदिग्ध प्रतीत हो रहा है। उन्होंने बताया कि जांच में पता चला कि 4-5 महीने पहले ही चोर इस टावर के सभी सामानों पर हाथ साफ कर चुके हैं और अब इसकी प्राथमिकी दर्ज कराई जा रही है। उन्होंने हालांकि यह भी कहा कि मामले की जांच की जा रही है।

इनपुट - एजेंसी 

 

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। बिहार से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।