Tuesday, February 03, 2026
Advertisement
  1. Hindi News
  2. बिहार
  3. मोकामा के विधायक अनंत सिंह पहुंचे विधानसभा, शपथ से पहले छुए CM नीतीश के पैर, देखें Video

मोकामा के विधायक अनंत सिंह पहुंचे विधानसभा, शपथ से पहले छुए CM नीतीश के पैर, देखें Video

बिहार की मोकामा सीट से विधायक अनंत सिंह ने मंगलवार को विधानसभा पहुंचकर पद की शपथ ली। इस दौरान अनंत सिंह ने शपथ से पहले CM नीतीश के पैर भी छुए।

Edited By: Subhash Kumar @ImSubhashojha
Published : Feb 03, 2026 12:08 pm IST, Updated : Feb 03, 2026 01:59 pm IST
mokama mla anant singh cm nitish- India TV Hindi
Image Source : ANI विधायक अनंत सिंह ने ली शपथ।

बिहार की मोकामा विधानसभा सीट से जेडीयू के विधायक अनंत सिंह मंगलवार को विधायक पद की शपथ लेने के लिए बिहार विधानसभा पहुंचे। बता दें कि दुलारचंद यादव हत्याकांड में गिरफ्तारी के बाद बेउर जेल में बंद होने के कारण वे पहले शपथ नहीं ले पाए थे। हालांकि, कोर्ट से अनुमति मिलने के बाद अनंत सिंह ने मंगलवार को विधानसभा में शपथ ली। इस दौरान वह बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार से भी मिले।

अनंत सिंह ने CM नीतीश से आशीर्वाद लिया

बाहुबली विधायक अनंत सिंह ने बिहार विधानसभा में विधायक पद की शपथ लेने से पहले बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के पैर छूकर उनका आशीर्वाद लिया। इस घटनाक्रम का वीडियो भी सामने आया है।आपको बता दें कि इससे पहले सोमवार को पटना सिविल कोर्ट ने जेल में बंद विधायक अनंत सिंह को विधानसभा में शपथ ग्रहण करने की अनुमति दे दी थी। अनंत सिंह दुलारचंद यादव की हत्या के केस में जेल में बंद हैं। जेल में रहते हुए ही अनंत सिंह ने मोकामा से चुनाव में जीत हासिल की थी।

जेल में बंद थे अनंत सिंह

अनंत सिंह बिहार विधानसभा चुनाव के प्रचार के दौरान ही दुलारचंद यादव की हत्या के केस में जेल चले गए थे। पुलिस ने 2 नवंबर को अनंत सिंह को उनके आवास से गिरफ्तार कर लिया था। उन्होंने जेल से ही जदयू के टिकट पर चुनाव में मोकामा सीट से जीत हासिल की और विधायक बने। तब से आज तक अनंत सिंह पटना के बेउर जेल में बंद थे। पटना सिविल कोर्ट ने उनकी याचिका पर सुनवाई की और उन्हें शपथ ग्रहण की अनुमति दी।

अनंत सिंह ने एक बार में पूरा शपथ पढ़ा

बाहुबली विधायक अनंत सिंह ने कोर्ट से अनुमति मिलने के बाद आज बेउर जेल से आकर विधानसभा में विधायक पद की शपथ ली। पिछली बार की तरह अनंत सिंह ने इस बार भी शपथ के दौरान बिना पढ़े एक बार में पूरा वाक्य बोल दिया। ये देखकर सदन में मौजूद विधायक भी हैरान थे। हालांकि, इस दौरान सदन का ऑडियो सिस्टम काम नहीं कर रहा था इसलिए लाइव टेलीकास्ट में उनकी आवाज सुनाई नहीं दी। दरअसल, अनंत सिंह शपथ को पूरी तरह से याद कर लेते हैं। इससे पहले भी उन्होने इसी तरह से शपथ लिया है।

CM नीतीश ने तिलक के बारे में पूछा

शपथ लेने के बाद अनंत सिंह ने विधानसभा स्पीकर प्रेम कुमार से मुलाकात की। इसके बाद वो CM नीतीश के पास पहुंचे और उनके पैर छुए। इस दौरान CM नीतीश ने अनंत सिंह के तिलक के बारे में पूछा। इसके बाद अनंत सिंह अपनी सीट पर जाकर बैठ गए। करीब 10 मिनट बाद वो विधानसभा से फिर जेल के लिए निकल गए।

मोकामा का चुनाव परिणाम

बिहार विधानसभा चुनाव 2025 में मोकामा विधानसभा सीट पर जदयू ने बाहुबली नेता और पूर्व विधायक अनंत सिंह को मैदान में उतारा था। उनके खिलाफ राजद ने बाहुबली नेता सूरजभान सिंह की पत्नी वीणा देवी को टिकट दिया था। चुनाव में अनंत सिंह को 91416 वोट मिले। वहीं, राजद की वीणा देवी को 63210 वोट मिले। अनंत सिंह ने 28206 वोटों से चुनाव जीत लिया। इस सीट पर तीसरे नंबर पर जन सुराज पार्टी के प्रियदर्शी पियुष रहे जिन्हें 19365 वोट मिले।

ये भी पढ़ें- मंगलवार को विधानसभा में शपथ लेंगे बाहुबली विधायक अनंत सिंह, पटना सिविल कोर्ट ने अनुमति दी

बिहार विधानसभा के बजट सत्र में तेजस्वी यादव व्हीलचेयर पर पहुंचे, आखिर क्या हुआ है उन्हें?

Google पर इंडिया टीवी को अपना पसंदीदा न्यूज सोर्स बनाने के लिए यहां
क्लिक करें

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। बिहार से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।

Advertisement
Advertisement
Advertisement