पटना: आरजेडी सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव से जुड़ी बड़ी खबर सामने आई है। वह सिंगापुर जाने वाले हैं। दिल्ली की अदालत से विदेश यात्रा की अनुमति मिलने के बाद वे पोस्ट ट्रांसप्लांट रुटीन चेकअप के लिए सिंगापुर जाएंगे।
Related Stories
पोते का जन्मदिन मनाने के लिए दिल्ली में मौजूद
27 मई को तेजस्वी यादव के बेटे का दिल्ली में जन्मदिन है। ऐसे में लालू यादव अपने पोते का जन्मदिन मनाने के लिए दिल्ली में हैं। तेजस्वी के बेटे इराज के पहले जन्मदिन को लेकर बड़े स्तर पर तैयारियां की जा रही हैं। जन्मदिन मनाने के बाद लालू, सिंगापुर जाएंगे।
सिंगापुर में ही हुआ था किडनी ट्रांसप्लांट
दिसंबर 2022 में सिंगापुर में लालू प्रसाद यादव का किडनी ट्रांसप्लांट हुआ था। उनकी बेटी रोहिणी आचार्य ने उन्हें किडनी डोनेट की थी।
हालही में इसलिए चर्चा में थे लालू
अप्रैल में ही लालू उस वक्त चर्चा में आए थे, जब बीजेपी नेता और सीएम सम्राट चौधरी ने लालू यादव पर निशाना साधते हुए कहा था कि लालू तो ये सोचते हैं कि उनका परिवार राजनीति में आगे आए। सम्राट ने परिवारवाद पर हमला बोलते हुए ये बात कही थी। सम्राट चौधरी ने कहा था कि लालू प्रसाद सोचते हैं कि उनका परिवार ही राजनीति में आगे आए, उनके बेटा-बेटी और पत्नी ही सांसद, विधायक और नेता बने।
इससे पहले RJD नेता तेजस्वी यादव ने सम्राट चौधरी पर निशाना साधते हुए ये बात कही थी कि सम्राट चौधरी, लालू प्रसाद यादव की पाठशाला के हैं। बिहार की राजनीति लालू यादव के इर्द-गिर्द ही चलती रहेगी। 20 साल बीजेपी ने भी साथ में राज किया, बिहार का खजाना खाली है। इंडस्ट्री नहीं है, कारखाने नहीं हैं। पढ़ाई-दवाई में फेल है। बेरोजगारी चरम पर है, पलायन अधिक है। सबसे गरीब राज्य बिहार है। 20 साल राज करने के बाद भी ये स्थिति है। जनता का कोई सीएम नहीं है। मैंडेट जनता ने नहीं दिया। बिहार के लोग इन लोगों से कोई उम्मीद नहीं रखते हैं।