1. Hindi News
  2. बिहार
  3. पत्नी से विवाद के बाद आहत युवक ने खाया जहर, मौत से पहले बनाया Video, बिहार के इस जिले की है घटना

पत्नी से विवाद के बाद आहत युवक ने खाया जहर, मौत से पहले बनाया Video, बिहार के इस जिले की है घटना

 Published : Sep 16, 2025 01:12 pm IST,  Updated : Sep 16, 2025 01:12 pm IST

बिहार के बांका में पत्नी से विवाद के बाद युवक ने जहर खाकर जान दे दी है। युवक ने मौत से पहले वीडियो भी बनाया है। युवक को अस्पताल ले जाया गया लेकिन वहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।

bihar banka husband suicide- India TV Hindi
बांका में युवक ने दी जान। Image Source : REPORTER

बिहार के बांका जिले में एक युवक ने जहर खाकर अपनी जान दे दी है। युवक ने जहर खाने के बाद मौत से पहले वीडियो बनाया है और अपने मन की बात कही है। बांका जिले के कटोरिया थाना क्षेत्र के राजवाड़ा गांव में रविवार को पत्नी से विवाद के बाद सल्फास खा लेने वाले युवक की सोमवार की शाम इलाज के दौरान मौत हो गई।

किसे ठहराया मौत का जिम्मेदार?

मृतक युवक की पहचान राजवाड़ा निवासी जगरनाथ शर्मा के 29 वर्षीय पुत्र निवास कुमार के रूप में हुई है। घटना के बाद निवास का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। इसमें उसने अपनी पत्नी ज्योति कुमारी, उसकी मां, भाई, जीजा और बहन को मौत का जिम्मेदार ठहराया है। वीडियो में उसने शादी के बाद से लगातार प्रताड़ित किए जाने की बात कही है।

शादी के बाद से ही रहता था विवाद

जानकारी के अनुसार, निवास की शादी 14 जुलाई 2024 को देवघर जिले के मोहनपुर थाना क्षेत्र के तिलौना गांव निवासी ज्योति कुमारी से हुई थी। शादी के बाद से ही पति-पत्नी के बीच विवाद बना रहा। परिजनों के मुताबिक, ज्योति अब तक पांच बार ससुराल छोड़ मायके चली गई थी। हर बार निवास उसे वापस लाता था, लेकिन दोनों के बीच तनाव गहराता गया।

पत्नी ने वीडियो कॉल पर मिटाया सिंदूर

हाल ही में ज्योति घर के जेवर लेकर मायके चली गई थी और निवास के बुलाने पर उसे भगा दिया गया। यहां तक कि उसने वीडियो कॉल पर मांग का सिंदूर भी मिटा दिया। इससे आहत होकर निवास ने रविवार को जहर खा लिया। परिजन उसे गंभीर हालत में अस्पताल ले गए, जहां से उसे देवघर रेफर किया गया। लेकिन सोमवार की शाम उसकी मौत हो गई।

पुलिस ने घटना पर क्या कहा?

इस पूरी घटना को लेकर थानाध्यक्ष आशुतोष कुमार ने बताया कि मृतक के परिजनों का बयान दर्ज किया गया है। पोस्टमार्टम देवघर में कराया गया है और आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। (रिपोर्ट: दीपक कुमार)

ये भी पढ़ें- मुजफ्फरपुर: राजद नेता के खिलाफ FIR, जेडीयू नेता सविता शाही की शिकायत पर दर्ज हुआ केस

Live Accident: बाढ़ पर लोगों से बात कर रहा था YouTuber, तभी भरभराकर गिरी दीवार; कई लोग घायल

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। बिहार से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।