1. Hindi News
  2. बिहार
  3. बिहार: गया में विधायक ज्योति मांझी के काफिले पर हमला, रास्ता रोककर बदसलूकी और मारपीट का आरोप

बिहार: गया में विधायक ज्योति मांझी के काफिले पर हमला, रास्ता रोककर बदसलूकी और मारपीट का आरोप

 Written By: Rituraj Tripathi @riturajfbd
 Published : May 18, 2026 01:20 pm IST,  Updated : May 18, 2026 01:27 pm IST

बिहार के गया में विधायक ज्योति मांझी के काफिले पर हमले की बात सामने आई है। इस मामले में पुलिस को शिकायत भी की गई है।

Jyoti Manjhi - India TV Hindi
ज्योति मांझी के काफिले पर हमला Image Source : REPORTER INPUT

गया: बिहार के गया जिले में बाराचट्टी विधानसभा क्षेत्र की विधायक ज्योति मांझी के काफिले पर हमला होने का मामला सामने आया है। घटना मोहनपुर प्रखंड के बमुआर पंचायत के गंभीरा गांव के पास की बताई जा रही है, जहां विधायक को रास्ते में रोककर उनके साथ बदसलूकी और सुरक्षाकर्मियों के साथ हाथापाई की गई। बता दें कि ज्योति मांझी हिंदुस्तान आवाम मोर्चा (HAM) पार्टी की विधायक हैं।

रास्ता रोककर किया गया हमला

विधायक ज्योति मांझी रविवार को मोहनपुर प्रखंड के ग्राम गंभीरा में एक सामाजिक कार्यक्रम में शामिल होने जा रही थीं। इसी दौरान रास्ते में एक सवारी वाहन ने उनके काफिले का रास्ता रोक दिया। आरोप है कि वाहन चालक ने जानबूझकर गाड़ी को बीच सड़क पर खड़ा कर आवागमन बाधित कर दिया।

जब विधायक के अंगरक्षकों ने वाहन हटाने का अनुरोध किया, तो गाड़ी में सवार करीब 15-20 लोग उतरकर सुरक्षाकर्मियों से उलझ गए और मारपीट करने लगे।

वाहन में बैठी रहीं विधायक, खुद को बताया असुरक्षित

हमले के दौरान विधायक ज्योति मांझी अपने स्कॉर्पियो वाहन में ही बैठी रहीं। उन्होंने आरोप लगाया कि हमलावरों ने गाली-गलौज की, जातिसूचक शब्दों का इस्तेमाल किया और वाहन के शीशे पर भी चोट की। विधायक ने कहा कि स्थिति बेहद तनावपूर्ण थी और उन्हें अपनी सुरक्षा को लेकर डर महसूस हो रहा था। ग्रामीणों की मदद से उन्हें सुरक्षित निकाला गया। घटना के बाद विधायक ने आसपास के ग्रामीणों को सूचना दी। स्थानीय लोगों के मौके पर पहुंचने के बाद किसी तरह विधायक, उनके अंगरक्षकों और समर्थकों को सुरक्षित वहां से निकाला गया।

इस मामले में विधायक ने मोहनपुर थाना में प्राथमिकी दर्ज कराई है। FIR में कई लोगों को नामजद किया गया है, जबकि अन्य अज्ञात लोगों को भी आरोपी बनाया गया है। 

SDPO का सामने आया बयान

बोधगया के SDPO सौरभ जायसवाल ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और पूरे मामले की जांच की जा रही है। उन्होंने कहा कि आवेदन के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है। (रिपोर्ट- अजित कुमार)

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। बिहार से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।