1. Hindi News
  2. बिहार
  3. परिवार की इकलौती बेटी का सपना चूर! 3 दिन बाद कुएं में मिला NEET छात्रा का शव, पेपर लीक के बाद डिप्रेशन में थी संध्या

परिवार की इकलौती बेटी का सपना चूर! 3 दिन बाद कुएं में मिला NEET छात्रा का शव, पेपर लीक के बाद डिप्रेशन में थी संध्या

 Edited By: Khushbu Rawal
 Published : Jul 07, 2026 04:39 pm IST,  Updated : Jul 07, 2026 04:39 pm IST

मुंगेर में तीन दिनों से लापता 20 वर्षीय NEET अभ्यर्थी संध्या का शव कुएं में मिला है। परिजनों का दावा है कि दो बार परीक्षा प्रभावित होने के बाद वह डिप्रेशन में थी।

मृतका की फाइल फोटो।- India TV Hindi
मृतका की फाइल फोटो। Image Source : REPORTER INPUT

बिहार के मुंगेर में नीट की तैयारी कर रही एक छात्रा का शव कुएं से मिलने के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। छात्रा पिछले 3 दिनों से लापता थी। परिजनों ने मानसिक तनाव की बात कही है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है। मामला मुफस्सिल थाना क्षेत्र के कल्याणचक गांव का है, जहां 20 वर्षीय संध्या कुमारी का शव मंगलवार को घर के समीप स्थित एक कुएं से बरामद किया गया। सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से शव को बाहर निकलवाया और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

2 बार NEET परीक्षा दे चुकी थी संध्या

मृतका के पिता धर्मवीर यादव ने बताया कि संध्या परिवार की इकलौती बेटी थी और डॉक्टर बनने का सपना लेकर नीट परीक्षा की तैयारी कर रही थी। वह दो बार नीट परीक्षा में शामिल हुई थी। परिजनों के अनुसार परीक्षा प्रभावित होने के बाद वह काफी तनाव में रहने लगी थी। उन्होंने बताया कि 5 जुलाई की सुबह करीब चार बजे संध्या घर से शौच के लिए निकली थी, लेकिन वापस नहीं लौटी। काफी खोजबीन के बाद भी उसका पता नहीं चलने पर मुफस्सिल थाना में गुमशुदगी की शिकायत दर्ज कराई गई थी।

घटनास्थल पर मौजूद पुलिस।
Image Source : REPORTER INPUTघटनास्थल पर मौजूद पुलिस।

कुएं में शव मिलने से हड़कंप

मंगलवार को गांव के लोगों ने कुएं में शव देखा, जिसके बाद पूरे इलाके में हड़कंप मच गया। गुमशुदगी का मामला पहले से दर्ज था। सूचना मिलने पर कुएं से शव बरामद किया गया है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों का स्पष्ट खुलासा हो सकेगा। छात्रा की मौत के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है।

पुलिस ने क्या कहा?

मुफस्सिल थानाध्यक्ष विपिन कुमार सिंह ने बताया कि गुमशुदगी की शिकायत पहले से दर्ज थी। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। प्रथम दृष्टया परिजनों ने छात्रा के कुएं में कूदने की आशंका जताई है, लेकिन मौत के वास्तविक कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है।  

(रिपोर्ट- मो. इम्तियाज खान)

यह भी पढ़ें-

इंदौर में NEET छात्रा ने तीसरी मंजिल से कूदकर की खुदकुशी, परीक्षा रद्द होने के चलते डिप्रेशन में थी छात्रा

पटना गर्ल्स हॉस्टल कांड: 6 संदिग्धों के लिए गए DNA सैंपल, NEET छात्रा के अंडरगारमेंट से मिले थे स्पर्म

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। बिहार से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।