1. Hindi News
  2. बिहार
  3. बिहार: बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष बोले- 'नीतीश में दैवीय शक्तियां, हमने ऐसी स्पीड कहीं नहीं देखी'

बिहार: बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष बोले- 'नीतीश में दैवीय शक्तियां, हमने ऐसी स्पीड कहीं नहीं देखी'

 Reported By: Nitish Chandra Edited By: Shakti Singh
 Published : Feb 22, 2025 10:38 am IST,  Updated : Feb 22, 2025 10:39 am IST

दिलीप जायसवाल ने कहा कि नीतीश कुमार के अंदर दैवीय शक्तियां आ गई हैं। वह बहुत तेजी से बिहार का विकास कर रहे हैं। उन्होंने दावा किया कि बिहार में एक बार फिर एनडीए सरकार बनेगी।

NDA Leaders Press Conference- India TV Hindi
एनडीए नेताओं की प्रेस कॉन्फ्रेंस Image Source : INDIA TV

बिहार में विधानसभा चुनाव होने में अभी समय है, लेकिन सभी दल चुनावी तैयारी में जुट गए हैं। इसी कड़ी में शुक्रवार को जेडीयू के पटना कार्यालय में एनडीए गठबंधन के सभी दलों ने प्रेस कॉन्फ्रेंस की। इस दौरान बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष डॉ. दिलीप जायसवाल ने कहा कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार में दैवीय शक्ति आ गई है। उन्होंने कहा कि जिस गति से नीतीश कुमार बिहार का विकास कर रहे हैं, वैसी गति उन्होंने कभी नहीं देखी।

दिलीप जायसवाल के अलावा उमेश सिंह कुशवाहा, अनिल कुमार, मदन चौधरी और अशरफ अंसारी भी इस प्रेस कॉन्फ्रेंस का हिस्सा थे। सभी ने नीतीश कुमार की जमकर तारीफ की और आगामी चुनाव में एनडीए की सरकार बनाने का दावा किया।

घोषणा के बाद दो घंटे में हो रहे काम

दिलीप जायसवाल ने कहा "मैं प्रगति की रफ्तार से अचंभित हूं। यह आश्चर्यजनक है। यह सब यूं ही नहीं है। एकाएक मुख्यमंत्री के अंदर दैवीय शक्ति प्रवेश कर गई है। उद्देश्य बिहार को विकास के चरम पर पहुंचाना है। मुख्यमंत्री अपनी 'प्रगति यात्रा' के दौरान की गई घोषणाओं का फौरन अनुपालन करा रहे हैं। घोषणा के डेढ़-दो घंटे बाद ही हम संबंधित लोगों को मुख्यमंत्री का फोन आता है कि यह काम तुरंत कर दीजिए। हम सब ऐसा कर रहे हैं। उनके नेतृत्व में बिहार में फिर से एनडीए की सरकार बनेगी। 

2025 में 225 का नारा

इस मौके पर जदयू के प्रदेश अध्यक्ष उमेश सिंह कुशवाहा ने कहा कि एनडीए कार्यकर्ता सम्मेलन की अभूतपूर्व सफलता आगामी विधानसभा चुनाव में एनडीए की ऐतिहासिक जीत के विश्वास को और अधिक पुख्ता करता है। उन्होंने कहा कि ‘2025 में 225 और फिर से नीतीश’ का नारा अब बिहार के हर गांव-गांव में गूंजने लगा है। हमसे प्रदेश अध्यक्ष अनिल कुमार ने कहा कि नीतीश कुमार के नेतृत्व में प्रदेश का आश्चर्यचकित विकास हुआ है। जनता की आशाओं से अधिक डबल इंजन की सरकार काम कर रही है। 

19 साल में राज्य का विकास हुआ

रालोमो प्रदेश अध्यक्ष मदन चैधरी ने कहा कि नीतीश कुमार ने समाज के सभी वर्गों का उत्थान किया है। उन्होंने कहा कि 19 वर्षों के कार्यकाल से प्रदेश की जनता खासा प्रभावित है। लोजपा (आर) प्रदेश उपाध्यक्ष अशरफ अंसारी ने 2025 में 225 और फिर से नीतीश का संकल्प दोहराया और कहा कि प्रगति यात्रा में नीतीश कुमार ने जो भी घोषणाएं की हैं, उन्हें अमलीजामा भी पहनाया जा रहा है। यह एनडीए के सुशासन को दर्शाता है।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। बिहार से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।