1. Hindi News
  2. बिहार
  3. BPSC की 72वीं संयुक्त प्रारंभिक परीक्षा स्थगित, जल्द नई तारीख का ऐलान करेगा आयोग

BPSC की 72वीं संयुक्त प्रारंभिक परीक्षा स्थगित, जल्द नई तारीख का ऐलान करेगा आयोग

 Published : Jul 18, 2026 07:59 pm IST,  Updated : Jul 19, 2026 12:08 am IST

बिहार लोक सेवा आयोग की तरफ से बताया गया है कि एकीकृत 72वीं संयुक्त प्रारंभिक प्रतियोगिता परीक्षा 26 जुलाई को आयोजित होनी थी। यह परीक्षा स्थगित की जाती है। हालांकि, इसका कारण नहीं बताया गया है।

BPSC Exam- India TV Hindi
प्रतीकात्मक तस्वीर Image Source : PTI

बिहार लोक सेवा आयोग ने 72वीं संयुक्त प्रारंभिक परीक्षा स्थगित कर दी है। यह परीक्षा 26 जुलाई को होनी थी। आयोग की तरफ से कहा गया है कि नई तारीखों का ऐलान जल्द ही किया जाएगा। बीपीएससी की तरफ से बताया गया है कि एकीकृत 72वीं संयुक्त प्रारंभिक प्रतियोगिता परीक्षा 26 जुलाई को आयोजित होनी थी। यह परीक्षा स्थगित की जाती है। हालांकि,आयोग ने इसका कारण नहीं बताया है। बीपीएससी ने कहा है कि परीक्षा आयोजन की नई तारीख की सूचना बाद में दी जाएगी।

बीपीएससी की दो परीक्षाओं में हुई थी धांधली

बिहार लोक सेवा आयोग की ओर से इस वर्ष आयोजित दो प्रतियोगी परीक्षाओं में प्रश्न-पत्र लीक और अन्य अनियमितताओं के लिए नई तकनीक का इस्तेमाल किए जाने का खुलासा हुआ था। मामले की जांच कर रही आर्थिक अपराध इकाई ने आठ प्राथमिकी दर्ज कर 35 आरोपियों को गिरफ्तार किया था। अधिकारियों ने बताया कि परीक्षा संचालन का ठेका पाने वाली कंपनी को ब्लैक लिस्ट करने की अनुशंसा की गई है। बीपीएससी की सहायक शिक्षा विकास पदाधिकारी परीक्षा के प्रश्न-पत्र लीक मामले में आठ प्राथमिकी दर्ज की गई हैं, जिनमें से पांच मामले ईओयू ने दर्ज किए हैं। 

इन जिलों में दर्ज हुए मामले

मुंगेर, बांका, लखीसराय और नालंदा से जुड़े मामलों की जांच ईओयू कर रही है। 35 आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है। इसी वर्ष आयोजित बीपीएससी की एक अन्य प्रतियोगी परीक्षा सहायक अवशिष्ट प्रबंधक एवं लोक स्वास्थ्य पदाधिकारी परीक्षा में भी धांधली के प्रमाण मिले हैं। इस संबंध में पटना के एसके पुरी थाने में एक मामला दर्ज किया गया है, जिसमें दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। दोनों परीक्षाओं में नयी तरह की धांधली की गई। इसके तहत बायोमेट्रिक प्रणाली से जुड़ी कंपनी के कुछ कर्मचारियों की मिलीभगत से प्रश्न-पत्र लीक कराया गया और चुनिंदा अभ्यर्थियों तक उत्तर पहुंचाए गए।

कैसे हुई गड़बड़ी?

जांच में कई स्तरों पर अनियमितताओं के ठोस सबूत मिले हैं। परीक्षा केंद्रों पर बायोमेट्रिक डेटा संग्रह के लिए तैनात कुछ कर्मचारी पहले भी परीक्षा संबंधी अनियमितताओं के आरोपों का सामना कर चुके हैं। उनकी तैनाती भी निर्धारित प्रक्रिया का पालन किए बिना की गई थी। मुंगेर के परीक्षा केंद्रों से बायोमेट्रिक पर्यवेक्षकों को गिरफ्तार किया गया और जांच में यह भी सामने आया कि कुछ कर्मचारियों ने अपने परिजनों को परीक्षा कार्य में शामिल कराया, जो नियमों के विरुद्ध है। आरोप है कि परीक्षा से कुछ घंटे पहले प्रश्न-पत्र लीक कर उसके उत्तर तैयार कराए गए और उन्हें चुनिंदा अभ्यर्थियों तक पहुंचाया गया। (इनपुट-पीटीआई)

यह भी पढ़ें-

अररिया में टीचर ने बच्चों से उठवाई बेंच, ताकि पानी में न भीगें पैर, वायरल वीडियो के बाद मचा बवाल

CM सम्राट चौधरी की बड़ी सौगात, बिहार के 211 कॉलेजों में पढ़ाई हुई शुरू; गांव के पास ही पढ़ेंगे युवा

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। बिहार से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।