1. Hindi News
  2. बिहार
  3. NEET-UG 2024 पेपर चोरी मामले में आरोपी संजीव मुखिया के खिलाफ नहीं मिले सबूत, जानें CBI ने सफाई में क्या कहा

NEET-UG 2024 पेपर चोरी मामले में आरोपी संजीव मुखिया के खिलाफ नहीं मिले सबूत, जानें CBI ने सफाई में क्या कहा

 Reported By: Abhay Parashar Written By: Vinay Trivedi
 Published : Jul 23, 2026 01:23 pm IST,  Updated : Jul 23, 2026 01:36 pm IST

CBI ने स्पष्ट किया है कि NEET-UG 2024 प्रश्नपत्र चोरी मामले में आरोपी संजीव मुखिया के खिलाफ पड़ताल के दौरान कोई ऐसा साक्ष्य नहीं मिला, जिससे उसका इस केस में रोल साबित हो सके। जानें CBI की तरफ से और क्या-क्या कहा गया।

NEET-UG 2024 पेपर चोरी केस में...- India TV Hindi
NEET-UG 2024 पेपर चोरी केस में CBI को आरोपी संजीव मुखिया के खिलाफ कोई सबूत नहीं मिला। Image Source : ANI (प्रतीकात्मक फोटो)

NEET-UG 2024 प्रश्नपत्र चोरी मामले में CBI ने साफ किया है कि आरोपी संजीव कुमार उर्फ संजीव मुखिया के खिलाफ जांच के दौरान कोई ऐसा सबूत नहीं मिला, जिससे उसकी इस मामले में भूमिका साबित हो सके। एजेंसी ने ये भी कहा कि संजीव मुखिया को जानबूझकर बचाए जाने की जो बातें सोशल मीडिया और अन्य माध्यमों में कही जा रही हैं, वे पूरी तरह तथ्यहीन हैं।

सबूत नहीं तो FIR में क्यों जोड़ा था संजीव मुखिया का नाम

CBI के अनुसार, शुरुआत में बिहार पुलिस ने NEET-UG 2024 का प्रश्नपत्र चोरी होने का मामला दर्ज किया था। उस समय संजीव मुखिया का नाम एफआईआर में इसलिए जोड़ा गया था क्योंकि वह पहले भी परीक्षा प्रश्नपत्र लीक और चोरी से जुड़े कुछ मामलों में आरोपी रह चुका था।

NEET प्रश्नपत्र चोरी मामले में दाखिल हो चुकी हैं 45 चार्जशीट

बाद में यह मामला CBI को सौंप दिया गया। एजेंसी ने विस्तृत जांच के दौरान प्रश्नपत्र चोरी, उसके वितरण और उससे फायदा उठाने वाले सभी लोगों की पहचान की। इस मामले में अब तक 45 आरोपियों के खिलाफ पटना की अदालत में कई चार्जशीट दाखिल की जा चुकी हैं।

जांच में संजीव मुखिया के खिलाफ नहीं मिला कोई सबूत

CBI का कहना है कि पूरी जांच के दौरान संजीव मुखिया के खिलाफ ऐसा कोई साक्ष्य नहीं मिला, जिससे यह साबित हो कि वह NEET-UG 2024 का प्रश्नपत्र चोरी करने या उसे बांटने की साजिश में शामिल था।

संजीव मुखिया को रिमांड में लेकर CBI ने की थी पूछताछ

जांच के दौरान, संजीव मुखिया फरार था। बाद में बिहार पुलिस ने उसे दूसरे मामलों में गिरफ्तार किया। चूंकि उसका नाम NEET-UG मामले की एफआईआर में भी था, इसलिए CBI ने उसे पुलिस रिमांड पर लेकर पूछताछ की। हालांकि, पूछताछ और जांच के बाद भी उसके खिलाफ कोई ठोस सबूत नहीं मिला, इसलिए CBI ने इस मामले में उसके खिलाफ चार्जशीट दाखिल नहीं की।

अभी भी न्यायिक हिरासत में है संजीव मुखिया

एजेंसी ने बताया कि NEET-UG मामले में जमानत मिलने के बावजूद संजीव मुखिया अन्य मामलों में बिहार पुलिस की जांच के चलते न्यायिक हिरासत में रहा।

संजीव मुखिया को जानबूझकर जांच से बाहर रखने का दावा गलत

CBI ने दोहराया कि NEET-UG 2024 पेपर चोरी मामले की पूरी साजिश का खुलासा कर दिया गया है और इसमें शामिल सभी लोगों की पहचान कर उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की गई है। एजेंसी के मुताबिक, संजीव मुखिया को जानबूझकर जांच से बाहर रखने का दावा पूरी तरह गलत और भ्रामक है। हाल ही में NEET पेपर लीक 2026 की जांच में CBI ने बड़ा खुलासा किया था। एजेंसी ने बताया कि कोचिंग सेंटर संचालक के पास से बरामद 136 हाथ से लिखे सवालों में से 111 प्रश्न NEET परीक्षा में आए थे

ये भी पढ़ें- NEET पेपर लीक पर जारी बवाल के बीच आई बड़ी खबर, CBI को मिली आरोपी की हैंडराइटिंग के नए नमूने लेने की इजाजत

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। बिहार से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।