1. Hindi News
  2. बिहार
  3. बिहार सरकार की मंत्री श्वेता गुप्ता के आवास पर चला बुलडोजर, हटाया गया अतिक्रमण

बिहार सरकार की मंत्री श्वेता गुप्ता के आवास पर चला बुलडोजर, हटाया गया अतिक्रमण

 Edited By: Amar Deep @amardeepmau
 Published : Jun 07, 2026 11:53 pm IST,  Updated : Jun 07, 2026 11:53 pm IST

बिहार सरकार में मंत्री श्वेता गुप्ता के आवास पर रविवार को बुलडोजर एक्शन हुआ। जानकारी के मुताबिक कथित अवैध अतिक्रमण हटाने के दौरान श्वेता गुप्ता के आवास की बाउंड्रीवाल को भी हटाया गया।

मंत्री श्वेता गुप्ता के आवास पर चला बुलडोजर।- India TV Hindi
मंत्री श्वेता गुप्ता के आवास पर चला बुलडोजर। Image Source : REPORTER INPUT

सीतामढ़ी: शहर में रविवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब बिहार सरकार की समाज कल्याण विभाग की मंत्री एवं शिवहर से जदयू विधायक श्वेता गुप्ता के आवास परिसर में प्रशासनिक टीम बुलडोजर लेकर पहुंच गई। बुलडोजर कार्रवाई की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौके पर जुट गए। पूरे इलाके में इस घटना की चर्चा शुरू हो गई। जानकारी के अनुसार प्रशासन ने सरकारी जमीन पर किए गए कथित अवैध अतिक्रमण को हटाने के लिए यह कार्रवाई की।

हटाया गया अतिक्रमण

अधिकारियों की मौजूदगी में सुरक्षा व्यवस्था के बीच बुलडोजर चलाकर अतिक्रमण वाले हिस्से को हटाया गया। प्रशासन का कहना है कि यह कार्रवाई सरकारी भूमि को अतिक्रमण मुक्त कराने के अभियान के तहत नियमानुसार की गई है। घटना के दौरान मौके पर प्रशासनिक अधिकारियों और पुलिस बल की तैनाती रही, ताकि कानून-व्यवस्था की स्थिति बनी रहे। कार्रवाई को देखने के लिए आसपास के लोगों की भीड़ जमा हो गई। इस कार्रवाई के बाद राजनीतिक और सामाजिक हलकों में भी चर्चाएं तेज हो गई हैं। 

समान रूप से की गई कार्रवाई

हालांकि प्रशासन का स्पष्ट कहना है कि सरकारी जमीन पर किसी भी प्रकार के अवैध कब्जे के खिलाफ समान रूप से कार्रवाई की जा रही है और कानून के अनुसार ही कदम उठाया गया है। फिलहाल मामले को लेकर संबंधित विभाग और प्रशासनिक अधिकारियों के विस्तृत आधिकारिक बयान का इंतजार किया जा रहा है। अधिकारियों की ओर से पूरी रिपोर्ट सामने आने के बाद यह स्पष्ट हो सकेगा कि अतिक्रमण का दायरा कितना था और कार्रवाई की पूरी प्रक्रिया क्या रही।

मंत्री के पति ने क्या कहा?

वहीं इस कार्रवाई को लेकर समाज कल्याण विभाग की मंत्री श्वेता गुप्ता के पति डॉक्टर वरुण कुमार ने कहा कि सीतामढ़ी की जनता को मैं ये बताना चाहता हूं कि बांध के चौड़ीकरण का ये कार्य किया जा रहा है। बांध के चौड़ीकरण में हमारा भी बाउंड्रीवाल आ रहा था, जिसे हमने खुद खड़ा होकर अपनी बाउंड्रीवाल को गिरवाया। सरकार और प्रशासन की मदद करना हमारा पहला कर्तव्य है। हमने प्रशासन की मदद की और बाउंड्रीवाल को हटा करके लोगों के सामने उदाहरण पेश किया कि आम लोग हों या मंत्री हों सभी की जवाबदेही बनती है कि सरकार का समर्थन करें। सभी लोग आगे बढ़कर प्रशासन की मदद करें। (इनपुट- सौरभ)

यह भी पढ़ें- 

राजेन्द्र जैन होंगे राज्यसभा के लिए NCP के उम्मीदवार, सुनेत्रा पवार के इस्तीफे के बाद हो रहा उपचुनाव

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। बिहार से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।