1. Hindi News
  2. बिहार
  3. VIDEO: पहली बार आज पटना से रांची के लिए दौड़ी वंदे भारत एक्सप्रेस, जानें रूट और किराया

VIDEO: पहली बार आज पटना से रांची के लिए दौड़ी वंदे भारत एक्सप्रेस, जानें रूट और किराया

 Edited By: Kajal Kumari
 Published : Jun 12, 2023 11:07 am IST,  Updated : Jun 12, 2023 11:34 am IST

पटना से रांची के बीच आज पहली बार वंदे भारत एक्सप्रेस का ट्रायल पूरा हुआ। इस महीने के अंत तक वंदे भारत इस रूट पर दौड़ने लगेगी। देखें वीडियो और जानिए क्या होगा रूट और किराया?

vande bharat express patna to ranchi- India TV Hindi
पटना से रांची दौड़ी वंदे भारत एक्सप्रेस Image Source : ANI

पटना : बिहार और झारखंड के लोगों के लिए बड़ी खुशखबरी है। पटना-रांची वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन का ट्रायल रन सोमवार की सुबह पटना से शुरू हो गया है। पटना रेलवे स्टेशन से यह ट्रेन तय कार्यक्रम के मुताबिक सोमवार की सुबह 6 बजकर 55 मिनट पर रवाना हुई और इसके रांची पहुंचने का समय दोपहर एक बजे है। वापसी में वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन दोपहर 2.20 बजे रांची से चलेगी और रात 8.25 बजे पटना पहुंचेगी। वंदे भारत ट्रेन महज 6 घंटे 5 मिनट में ही पटना से रांची की यात्रा तय करेगी। ट्रायल रन के बाद जल्द ही पटना-रांची के बीच वंदे भारत ट्रेन पटरी पर दौड़ती नजर आएगी।

पूर्व मध्य रेलवे के सीपीआरओ ने दी जानकारी

पूर्व मध्य रेलवे (ECR), हाजीपुर के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी (CPRO) बीरेंद्र कुमार ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया, “पटना-रांची वंदे भारत एक्सप्रेस का ट्रायल शुरू हो गया है और ट्रेन सुबह 6.55 बजे पटना से रवाना हुई। यह आज दोपहर एक बजे रांची पहुंचेगी।’’ उन्होंने बताया कि यह ट्रेन सिधवार (रामगढ़) और सांकी (रांची) के बीच सुरंगों और ऊंचे रेलवे पुलों से गुजरेगी।

वंदे भारत ट्रेन गया और बरकाकाना स्टेशनों पर रुकेगी। सिधवार और सांकी के बीच का 27 किलोमीटर का हिस्सा चार सुरंगों से होकर गुजरता है, जिनमें से सबसे लंबी सुरंग 1.7 किलोमीटर लंबी है, जबकि तीन अन्य सुरंग लगभग 600 मीटर लंबी हैं। यह ट्रेन इन सुरंगों से गुजरेगी।

यह ट्रेन 6 दिन पहले ही चेन्नई से पटना पहुंची थी, जहां इसे राजेंद्र नगर टर्मिनल के यार्ड में रखा गया था। इस ट्रेन के ट्रायल रन से पहले स्टाफ को ट्रेनिंग भी दी गई।

इस ट्रेन में सफर करने के लिए यात्रियों को अभी थोड़ा और इंतजार करना होगा। जल्द ही इसके परिचालन की तारीख तय की जाएगी।

इस ट्रेन की टाइमिंग क्या होगी और किराया कितना होगा यह भी जल्द ही बता दिया जाएगा। 

माना जा रहा है कि इस महीने के आखिरी सप्ताह तक यह ट्रेन चलनी शुरू हो जाएगी ।

यह ट्रेन जहानाबाद, गया, बरकाकाना, कोडरमा, हजारीबाग टाउन और मेसरा के रास्ते पटना से रांची के बीच दूरी सिर्फ 6 घंटे में पूरी कर लेगी।

 इस ट्रेन में 8 एसी चेयरकार की सुविधा होगी।

 प्रत्येक कोच में 4 अपातकालीन पुश बटन के साथ जीपीएस आधारित सूचना प्रणाली भी होगी। 

रेल प्रशासन ने लोगों से की है अपील

इससे पहले, ट्रायल रन 11 जून के लिए निर्धारित किया गया था, लेकिन झारखंड में एक छात्र समूह द्वारा बुलाए गए दो दिवसीय राज्यव्यापी बंद के कारण इसे सोमवार के लिए पुनर्निर्धारित किया गया। ट्रायल रन के दौरान इस ट्रेन का परिचालन तीव्र गति से किया गया। रेल प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि रेलवे ट्रैक से उचित दूरी बनाकर रखें, साथ ही मवेशियों को भी पटरियों से दूर रखें।

 

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। बिहार से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।