बिहार के गोपालगंज में एक बाइक ने दूसरी बाइक को जोरदार टक्कर मारी दी। सोमवार को हुए इस हादसे में छह लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे का सीसीटीवी वीडियो भी सामने आया है। घटना नगर थाना क्षेत्र के तुरकहा मोड़ के पास हुई। दो तेज रफ्तार बाइकों की आमने-सामने की टक्कर में महिलाओं और एक मासूम बच्ची समेत छह लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा इतना भयावह था कि मौके पर मौजूद लोग सहम उठे।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, एक बाइक पर दो महिलाओं और एक बच्ची समेत चार लोग सवार होकर यूपी की ओर जा रहे थे। जैसे ही उनकी बाइक तुरकहां मोड़ के पास पहुंची, तभी थावे की तरफ से आ रही दूसरी तेज रफ्तार बाइक से सीधी भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों बाइकों के परखच्चे उड़ गए और सभी लोग हवा में उछलकर सड़क पर दूर जा गिरे।
स्थानीय लोगों ने अस्पताल पहुंचाया
घटना का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है, जिसमें हादसे की भयावह तस्वीर कैद हुई है। टक्कर के बाद हाईवे पर अफरा-तफरी मच गई और कुछ देर के लिए वाहनों की आवाजाही भी थम गई। स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज जारी है।
तेज रफ्तार बाइक में सवार थे तीन लोग
हादसे में घायल लोगों की पहचान पूजा देवी (32 वर्ष), पति अमर प्रसाद, निवासी सासामूसा थाना कुचायकोट, निशा देवी (30 वर्ष), पति मंतोष पटेल, निवासी बनकटा थाना कुचायकोट, निशा देवी की दो वर्षीय बेटी तथा बाइक चालक गुड्डू कुमार (28 वर्ष), पिता सुरेश प्रसाद, निवासी मतेया थाना कुचायकोट के रूप में हुई है। ये सभी एक ही बाइक पर सवार होकर यूपी जा रहे थे।
घर लौटते समय हुआ हादसा
दूसरी बाइक पर सवार सुनील मिश्रा (48 वर्ष) और उनकी पत्नी सीमा मिश्रा, निवासी सांखे खास थाना उचकागांव, सिवान से किसी काम से लौटकर गोपालगंज आ रहे थे। इसी दौरान थावे-बंजारी बाईपास के पास दोनों बाइकों की जोरदार टक्कर हो गई। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।
(गोपालगंज से अयाज अहमद की रिपोर्ट)
यह भी पढ़ें-
RJD के MLC उम्मीदवार पर रोहिणी आचार्य का बड़ा हमला, टिकट बंटवारे पर उठाए सवाल