1. Hindi News
  2. बिहार
  3. बिहार में चाय वाले के घर मिले एक करोड़ से अधिक कैश, छापा मारने पहुंची पुलिस भी ये देखकर रह गई दंग

बिहार में चाय वाले के घर मिले एक करोड़ से अधिक कैश, छापा मारने पहुंची पुलिस भी ये देखकर रह गई दंग

 Edited By: Mangal Yadav @MangalyYadav
 Published : Oct 21, 2025 10:32 am IST,  Updated : Oct 21, 2025 10:34 am IST

बिहार के गोपालगंज में पुलिस की छापेमारी एक साइबर ठग के पास से एक करोड़ रुपये से अधिक बरामद किया गया। पुलिस ने भारी मात्रा में ज्वैलरी भी बरामद की है।

छापेमारी में भारी मात्रा में कैश और गहरे बरामद- India TV Hindi
छापेमारी में भारी मात्रा में कैश और गहरे बरामद Image Source : REPORTER

 गोपालगंज पुलिस ने साइबर फ्रॉड के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए भारी मात्रा में कैश और साइबर फ्रॉड से जुड़े दस्तावेज बरामद किए हैं। ये कार्रवाई थावे थाना क्षेत्र के कविलासपुर गांव में हुई। इस अभियान का नेतृत्व साइबर डीएसपी अवंतिका दिलीप कुमार ने किया। कार्रवाई 17 अक्तूबर की देर रात की गई, जिसमें पुलिस ने एक मकान से कुल एक करोड़ 05 लाख 49,850 रुपये नकद जब्त किए। 

भारी मात्रा में एटीएम कार्ड, पासबुक बरामद

बरामदगी के दौरान पुलिस ने मौके से 85 एटीएम कार्ड, 75 बैंक पासबुक, 28 चेकबुक, आधार कार्ड, दो लैपटॉप, तीन मोबाइल फोन और एक कार भी कब्जे में ली है। मौके से तीन संदिग्धों को हिरासत में लिया गया है जिनसे पुलिस लगातार पूछताछ कर रही है।

ठगी का गिरोह चलाता था चाय वाला

डीएसपी अवंतिका दिलीप कुमार ने बताया कि जिस व्यक्ति के घर छापेमारी की गई, वह पहले चाय की दुकान चलाता था। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि यह गिरोह साइबर ठगी के जरिए अलग-अलग बैंक खातों में पैसे मंगवाता था और फिर कैश के रूप में लेनदेन करता था। पुलिस को अंदेशा है कि इस नेटवर्क में कई अन्य लोग जुड़े हुए हैं, जिनकी तलाश जारी है।

बताया जा रहा है कि गिरोह फर्जी कॉल, ऑनलाइन फ्रॉड और खाते के विवरण हासिल कर ठगी का काम कर रहा था। पुलिस ने जब्त एटीएम कार्ड व पासबुक के जरिए खातों की लेनदेन जानकारी जुटानी शुरू कर दी है। साइबर सेल और स्थानीय थाना पुलिस मिलकर गिरोह के नेटवर्क की जांच में जुटी है।

पुलिस को मिले कई अहम सुराग

डीएसपी ने कहा कि यह बरामदगी अब तक की सबसे बड़ी कार्रवाई में से एक है और प्रारंभिक पूछताछ में कई अहम सुराग मिले हैं। आगे की कार्रवाई के लिए अन्य जिलों और साइबर क्राइम यूनिट से भी समन्वय किया जा रहा है। 

पुलिस का कहना है कि इस मामले में कई और गिरफ्तारियां हो सकती हैं और देश के विभिन्न हिस्सों से जुड़े खातों की भी जांच की जा रही है। गिरफ्तार तीनों आरोपियों से पूछताछ में नेटवर्क से जुड़े अन्य सदस्यों की जानकारी जुटाई जा रही है।

गोपालगंज से अयाज़ अहमद की रिपोर्ट 

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। बिहार से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।