1. Hindi News
  2. बिहार
  3. वरमाला के दौरान बदल दी दुल्हन, शादी से किया इनकार तो पूरी बारात को बनाया बंधक; फिर हुआ कुछ ऐसा...

वरमाला के दौरान बदल दी दुल्हन, शादी से किया इनकार तो पूरी बारात को बनाया बंधक; फिर हुआ कुछ ऐसा...

 Edited By: Amar Deep
 Published : Jul 15, 2024 02:07 pm IST,  Updated : Jul 15, 2024 02:07 pm IST

बिहार के मुजफ्फरपुर जिले में वरमाला के समय एक दूल्हे ने शादी से इनकार कर दिया। दूल्हे ने लड़की के परिजनों पर दुल्हन बदलने का आरोप लगाया। इसके बाद दोनों पक्षों में जमकर हंगामा हुआ और लड़की वालों ने बारात को बंधक बना लिया।

शादी में दुल्हन बदलने का आरोप।- India TV Hindi
शादी में दुल्हन बदलने का आरोप। Image Source : PEXELS/REPRESENTATIVE IMAGE

मुजफ्फरपुर: जिले में इन दिनों एक अनोखी शादी की चर्चा हर तरफ हो रही है। यहां गाजे-बाजे के साथ दूल्हा बारात लेकर दुल्हन के घर पहुंचा। बड़े ही चाव से बारातियों का स्वागत भी किया गया। लेकिन जैसे ही वरमाला के लिए दुल्हन को स्टेज पर लाया गया तो दुल्हन को देखते ही दूल्हा नाराज हो गया। दूल्हे ने स्टेज पर ही लड़की से शादी करने से इनकार कर दिया। दूल्हे का कहना है कि जिस लड़की से शादी होनी थी उसे बदल कर दूसरी लड़की को स्टेज पर भेज दिया गया। इसके बाद बवाल हो गया और सभी बारातियों को ग्रामीणों ने बंधक बना लिया।

दुल्हन बदलने का लगाया आरोप

पूरा मामला बरूराज थाना क्षेत्र के धूमनगर बखरी गांव का है। यहां एक शादी समारोह में वरमाला के दौरान दुल्हन बदलने पर दूल्हे ने शादी से इनकार कर दिया। वहीं शादी से इनकार किए जाने के बाद दोनों परिवार में तू-तू, मैं-मैं हो गई और दोनों पक्ष आपस में ​भिड़ गए। विवाद बढ़ता देख ग्रामीणों ने बारात को ही बंधक बना लिया। इसी बीच ग्रामीणों ने बरूराज थाना को भी सूचना दे दी। सूचना के बाद पुलिस की टीम मौके पर पहुंची, जिसके बाद बारातियों को छुड़ाया गया। पुलिस की पहल के बाद किसी तरह से मामला शांत हुआ। 

थाने के मंदिर में हुआ विवाह

इस पूरी घटना के बाद पुलिस दोनों पक्षों को लेकर थाने गई। थाने में थानाध्यक्ष संजीव कुमार दुबे ने दोनों पक्षों का काफी समझाया, जिसके बाद दोनों पक्ष शादी के लिए राजी हुए। इसके बाद थाना परिसर में ही स्थित संतोषी माता के मंदिर में पुलिस की मौजूदगी में दूल्हे ने उसी दुल्हन से शादी रचाई, जिससे उसकी पहले शादी तय हुई थी। शादी की रस्म पूरी होने के बाद थानाध्यक्ष ने वर-वधु को आशीर्वाद देकर विदा किया। बताया जा रहा है कि शादी की रस्म शुरू होने के बाद दुल्हन ने पारिवारिक विवाद के चलते शादी से इनकार कर दिया था। इसके बाद आनन-फानन में उसकी जगह घर वालों ने दूसरी दुल्हन को स्टेज पर भेज दिया जिससे विवाद हो गया। (इनपुट- संजीव कुमार)

यह भी पढ़ें- 

अंजनेरी पहाड़ पर पानी की तेज धार में फंसे पर्यटक, 6 घंटे तक चला रेस्क्यू ऑपरेशन; देखें भयावह Video

इस राज्य में बढ़ने वाला है रोडवेज बस का किराया, 295 करोड़ का चल रहा घाटा

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। बिहार से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।