आज भी देश के कई इलाकों में महिलाओं को डायन और पिचाशिनी बोलकर उन्हें प्रताड़ित कर मार दिया जाता है। अंधविश्वास का एक ऐसा ही खौफनाक चेहरा बिहार के मुंगेर से भी आया है। यहां एक महिला को डायन बताकर एक व्यक्ति ने उस पर तलवार से जानलेवा हमला कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया। महिला को इलाज के लिए सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया। पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। जानकारी के अनुसार, पड़ोसी महिला को तब से ही डायन मानने लगा था जब उसके बेटे के गंगा नदी में डूबकर मौत हो गई थी
बेटे के मरने पर महिला को माना डायन
मामला मुफस्सिल थाना क्षेत्र के नौवागढ़ी बजरंगबली नगर का है। घायल महिला कलावती देवी के पोते ने बताया कि करीब एक साल पहले पड़ोसी के बेटे की गंगा में डूबने से मौत हो गई थी। उस घटना के बाद से पड़ोसी परिवार उन्हें डायन मानकर प्रताड़ित करता था।
गंगा घाट पर स्नान के दौरान किया तलवार से हमला
सोमवार को कलावती देवी अपने बहु के साथ मनियारचक गंगा घाट पर स्नान करने गई थीं। इसी दौरान पड़ोसी परिवार का महिला से विवाद शुरू हो गया। आरोप है कि पहले उन्हें गंगा में डुबाकर मारने की कोशिश की गई और विरोध करने पर तलवार से हमला कर दिया गया।
शरीर के कई हिस्सों पर आए हैं गहरे जख्म
हमले में आरोपी के द्वारा महिला पर तलवार से कई वार किए गए हैं जिससे हाथ और सिर सहित शरीर के कई हिस्सों पर गहरे जख्म आए हैं और वह गंभीर रूप से घायल हो गयी हैं। स्थानीय लोगों की मदद से परिजन उन्हें तुरंत मुंगेर सदर अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां उनका इलाज चल रहा है।
मौके पर पहुंची पुलिस
घटना की जानकारी मिलते ही मुफस्सिल थाना पुलिस मौके पर पहुंची। थानाध्यक्ष विपिन कुमार सिंह के नेतृत्व में पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। घटना में इस्तेमाल तलवार भी बरामद कर ली गई है। एफएसएल टीम मौके से साक्ष्य जुटाकर मामले की जांच में लगी है।
(मुंगेर से मोहम्मद इम्तियाज खान की रिपोर्ट)
ये भी पढ़ेंः सिपाही भर्ती परीक्षा में नकल कराने वाले गिरोह का भंडाफोड़, ब्लूटूथ की आवाज से खुला राज; 4 को दबोचा
बिहार: सिपाही भर्ती परीक्षा में शामिल हुए 5.50 लाख अभ्यर्थी, गड़बड़ी में शामिल 7 गिरफ्तार