भागलपुरः हमेशा अपने बयानों से सुर्खियों में बने रहने वाले भागलपुर के गोपालपुर से जेडीयू विधायक गोपाल मंडल ने बुधवार को अपनी ही पार्टी के सांसद और भाजपा के विधायक के खिलाफ जमकर हमला बोला। विधायक ने भागलपुर से जेडीयू सांसद अजय मंडल की आलोचना करते हुए कहा कि जीतने के बाद सांसद कहीं नहीं जाते है। यह उनकी बीमारी और लाचारी है। वह सोचता है जनता भांड़ में जाए। उसको जनता से कोई मतलब नहीं है। पांच साल तक जनता ढोलक पीटते रहे। उस पर कोई फ़र्क नहीं पड़ता।
Related Stories
चुनाव बाद क्षेत्र में दिखाई नहीं देते सांसद
गोपाल मंडल ने कहा कि पांच साल बाद अगले चुनाव में वह फिर से नीतीश कुमार और पीएम मोदी के नाम पर चुनाव जीत जाएगा और फिर 5 साल उसका दर्शन नहीं होगा। गोपाल मंडल ने कहा कि अजय मंडल जब विधानसभा का भी चुनाव लड़ते थे कहीं नहीं जाते थे। एक बार बैरिया में गए थे। लोगों ने उस पर ईंट-पत्थर बरसाया था। बस वहां से भाग गया था। इसके बाद हम सांसद से माफी मंगवाये थे। हम सामाजिक आदमी हैं।
सांसद को इलाके के लोग पहचानते तक नहींः मंडल
गोपाल मंडल ने कहा कि जेडीयू सांसद को इलाके के लोग नहीं पहचानते। चुनाव में लोग पूछते थे आप कौन हैं। वह पीएम मोदी और सीएम नीतीश कुमार के नाम पर चुनाव जीत गए। पिछले चुनाव में एक लाख वोट से जीते थे। इस बार हम गोपालपुर में 40 हजार वोट की बढ़त दिलवाए। इसी बढ़त से वह चुनाव जीत गए। अब जनता की सुनने वाला कोई नहीं है। अब फिर से पांच साल के बाद वह जनता के बीच जाएगा। उसका जनता से कोई नाता नहीं है।
बीजेपी विधायक पर भी साधा निशाना
जेडीयू विधायक ने कहा कि बिहपुर के बीजेपी विधायक इंजीनियर शैलेंद्र के प्रति भी जनता में आक्रोश है। विधायक शैलेंद्र के पास ही सिर्फ कलम है। क्या या हम लोग मूर्ख हैं। हम ग्रेजुएट किये हैं। वो इसबार कलम में ही चला जायेगा। कलम का ही बन जायेगा। विधायक इंजीनियर शैलेंद्र बैकवर्ड फॉरवर्ड की राजनीति करते हैं। बता दें कि जेडीयू विधायक गोपाल मंडल और सांसद अजय मंडल के बीच पिछले कई महीने से वार-पलटवार चल रहा है। गोपाल मंडल इससे पहले भी सांसद पर कई तरह के आरोप लगा चुके हैं।
रिपोर्ट- सुशील