1. Hindi News
  2. बिहार
  3. फ्लोर टेस्ट से पहले जीतन राम मांझी की पार्टी ने जारी किया व्हिप, पार्टी विधायकों को मिली ये नसीहत

फ्लोर टेस्ट से पहले जीतन राम मांझी की पार्टी ने जारी किया व्हिप, पार्टी विधायकों को मिली ये नसीहत

 Written By: Avinash Rai @RaisahabUp61
 Published : Feb 11, 2024 04:24 pm IST,  Updated : Feb 11, 2024 04:24 pm IST

बिहार में 12 फरवरी को फ्लोर टेस्ट होने जा रहा है। इससे पहले रविवार को जीतन राम मांझी की पार्टी हिंदुस्तानी अवाम मोर्चा ने पार्टी के विधायकों के लिए व्हिप जारी किया है। इस व्हिप में पार्टी विधायकों को निर्देश भी दिया गया है।

Jitan Ram Manjhi party HAM issued a whip before the floor test party MLAs got this advice- India TV Hindi
बिहार फ्लोर टेस्ट से पहले HAM ने जारी किया व्हिप Image Source : PTI

इंडी गठबंधन और लालू यादव की राजद का साथ छोड़कर नीतीश कुमार ने भाजपा का दामन थाम लिया है, जिसके बाद बिहार में फ्लोर टेस्ट कराया जाना है। बिहार विधानसभा में 12 फरवरी को फ्लोर टेस्ट किया जाएगा। इससे पहले बिहार की राजनीति से जुड़ी लगातार कई खबरे सामने आ रही है। कभी राजद के नेता नीतीश कुमार पर तो कभी नीतीश कुमार के नेता राजद के नेताओं पर आरोप प्रत्यारोप करते दिख रहे हैं। इस बीच अब बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री जीतन राम मांझी की पार्टी हिंदुस्तानी आवाम मोर्चा ने व्हिप जारी किया है। विधायकों को व्हिप जारी करते हुए पार्टी ने सरकार के पक्ष में मतदान करने को लेकर निर्देश जारी किया है। बता दें कि मांझी की पार्टी के कुल चार विधायक हैं।

Related Stories

जीतन राम मांझी की पार्टी ने जारी किया व्हिप

व्हिप जारी करते हुए पार्टी ने लिखा, दिनांक 12 फरवरी 2024 से शुरू होने वाले बिहार विधानसभा की सभी बैठकों में आरम्भ से अन्त तक उपस्थित रहने एवं सदन के अंदर वाद-विवाद, वित्तीय कार्य, विधायी कार्य एवं अन्य राजकीय कार्य के दौरान मत विभाजन की स्थिति में सरकार के पक्ष में मतदान करने के लिए हिंदुस्तानी अवाम मोर्चा (सेक्युलर) ने सभी माननीय सदस्यगण बिहार विधानसभा का व्हीप जारी कर प्राप्त करा दिया गया, जिसकी प्रथि इस पत्र के साथ संलग्न है। बता दें कि इस पत्र के अंत में पार्टी प्रमुख जीतन राम मांझी के हस्ताक्षर भी हैं। 

नीतीश कुमार ने बुलाई बैठक

बता दें कि बीते दिनों यह खबर सामने आई थी कि लालू प्रसाद यादव ने सभी राजद विधायकों को तेजस्वी यादव के सरकारी आवास पर रोक रखा है। विधायकों के बैग घर से मंगवाए जा रहे हैं, जिसमें उनके कपड़े व अन्य जरूरी सामान हैं। एक तरफ जहां बिहार विधानसभा में 12 फरवरी को फ्लोर टेस्ट होने जा रहा है। वहीं 11 फरवरी को जेदयू ने विधानमंडल दल की मीटिंग बुलाई है, जिसमें कहा गया है कि सभी जदयू विधायक इसमें अनिवार्य रूप से शामिल हों। वहीं बिहार कांग्रेस के विधायक हैदराबाद पहुंच चुके हैं। विधायकों के टूटने की आशंका की वजह से ये फैसला लिया गया है। 

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। बिहार से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।