1. Hindi News
  2. बिहार
  3. गजब है बिहार! बीच में था खंभा... फिर भी अधिकारियों ने बना दी सड़क, अब कैसे गुजरें यहां से चार पहिया वाहन-VIDEO

गजब है बिहार! बीच में था खंभा... फिर भी अधिकारियों ने बना दी सड़क, अब कैसे गुजरें यहां से चार पहिया वाहन-VIDEO

 Edited By: Dhyanendra Chauhan
 Published : Mar 09, 2025 05:28 pm IST,  Updated : Mar 09, 2025 05:33 pm IST

सरकारी अधिकारियों की लापरवाही के बाद से ग्रामीणों में रोष का माहौल है। उन्होंने इस मामले की शिकायत जिला प्रशासन से की है। ग्रामीणों ने कहा कि सड़क के बीच में बिजली का खंभा होने की वजह से ट्रौक्टर वगैरह नहीं निकल पा रहे हैं।

सड़क के बीच में खड़ा है बिजली का खंभा- India TV Hindi
सड़क के बीच में खड़ा है बिजली का खंभा Image Source : INDIA TV

बिहार के कटिहार जिले में सरकारी अधिकारियों की लापरवाही का अजीबोगरीब मामला सामने आया है। जेडीयू विधायक विजय सिंह के इलाके में जैसे-तैसे आधी-अधूरी सड़क का निर्माण कराया गया। इसमें भी कई सारी अनियमितताएं पाई गई हैं। निर्माणाधीन सड़क के बीच में ही एक बिजली का खंभा भी खड़ा है। सड़क के बीच में बिजली का खंभा होने की वजह से वहां से गुजरने वाले चार पहिया वाहन नहीं निकल पा रहे हैं। 

कुछ ही दिनों में टूट गई सड़क

बिहार मुख्यमंत्री ग्राम संपर्क योजना के तहत कटिहार जिले के कुरसेला नगर पंचायत अंतर्गत संवेदक के द्वारा सड़क का निर्माण हुआ है। इस सड़क निर्माण में अनियमितता बरतने का आरोप लगा है। बताया जा रहा है कि बाढ़ग्रस्त क्षेत्र होने के कारण पूर्व में भी पीसीसी सड़क कुछ ही दिनों में टूट गई थी।

सड़क निर्माण की क्वालिटी बहुत ज्यादा खराब 

सड़क निर्माण के नाम पर गिट्टी और तारकोल को मिट्टी के ऊपर ही डाल दिया गया है। सड़क हाथ से उखड़ जा रही है। एक ही बरसात में इस सड़क का हाल बुरा हो जाएगा। ग्रामीणों में इसको लेकर काफी रोष है। 

नहीं गुजर पा रहे चार पहिया वाहन

मध्य विद्यालय पश्चिम से मैहर मियां टोला तक मुख्यमंत्री ग्राम संपर्क योजना के तहत सड़क निर्माण कराया गया है, जबकि सड़क पर कई खंभे अभी तक खड़े हैं फिर भी आनन-फानन में सड़क निर्माण कर दिया गया। बीच पर खंभा रहने के कारण सड़क निर्माण हो जाने के बावजूद भी यहां से चार पहिया वाहन नहीं गुजर पाते हैं।

ग्रामीणों के मतलब की नहीं है ये सड़क

ग्रामीणों ने कहा कि जब सड़क से आम लोगों का आवागमन ही नहीं होगा तो सड़क का क्या मतलब है। संवेदक द्वारा सड़क निर्माण की राशि भी बोर्ड पर अंकित नहीं है। मौके पर आ रहे एक ट्रैक्टर चालक ने बताया कि वह ट्रैक्टर लेकर खेत जा रहे थे। बीच सड़क पर खंभा होने कि वजह से उसे काफी दूर से घूम कर जाना पड़ता है।

ग्रामीणों ने की कार्रवाई की मांग

ग्रामीणों ने जिला प्रशासन से सड़क निर्माण की जांच की मांग की है। ग्रामीणों ने लापरवाह संवेदक पर कार्रवाई की मांग की है। साथ ही कहा कि इस सड़क का निर्माण कार्य फिर से कराया जाए और बिजली के खंभों से होकर जो सड़क गुजरी है, इससे कोई फायदा नहीं है।

रिपोर्ट- निरंजन सिंह

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। बिहार से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।