1. Hindi News
  2. बिहार
  3. भीड़ ने कानून को लिया हाथ में, युवक को पीट पीटकर मार डाला; बिफरे परिजन तो 6 लोगों पर केस दर्ज

भीड़ ने कानून को लिया हाथ में, युवक को पीट पीटकर मार डाला; बिफरे परिजन तो 6 लोगों पर केस दर्ज

 Published : Jul 29, 2025 04:49 pm IST,  Updated : Jul 29, 2025 04:57 pm IST

बिहार के किशनगंज में एक दुखद घटना सामने आई है। चोरी के आरोप में 35 वर्षीय सब्बीर की पीट-पीटकर हत्या कर दी। वीडियो तेजी से इलाके में वायरल होने के बाद पुलिस भी हरकत में आई।

चोरी के आरोप में युवक...- India TV Hindi
चोरी के आरोप में युवक की पीट पीटकर हत्या कर दी गई। Image Source : REPORTER INPUT

बिहार के किशनगंज में एक युवक की पीट-पीटकर हत्या किए जाने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। इस घटना के बाद पूरे इलाके में हड़कंप मच गया। मारपीट का वीडियो तेजी से इलाके में वायरल होने के बाद पुलिस भी हरकत में आई और आधा दर्जन लोगों को हिरासत में लिया गया है।

क्या है पूरा मामला?

घटना बहादुरगंज प्रखंड के गुआबरी पंचायत अंतर्गत वार्ड नम्बर 3 डूबाडांगी की है। यहां चोरी के आरोप में युवक की पीट पीटकर हत्या कर दी गई। मृतक की पहचान 35 साल के सब्बीर आलम पिता हिदायत अली, सुखान दिघी वार्ड संख्या 7 दिघलबैंक के रूप में हुई है। मिली जानकारी के मुताबिक युवक पूर्व से दागी था और उसके ऊपर दिघलबैंक थाना में तीन मामले दर्ज थे। वहीं, मंगलवार की अहले सुबह ग्रामीणों ने उसे कथित तौर पर चोरी के आरोप में रंगे हाथों पकड़ लिया और जमकर पिटाई कर दी। बुरी तरह घायल सब्बीर को इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम हेतु सदर अस्पताल भेज दिया है।

मृतक के भाई ने क्या बताया?

मृतक के भाई मो. शाकिर ने कहा कि उसके भाई की हत्या की गई है और इकलाख ने जाफर को सुपारी दी थी। शाकिर ने कहा कि जमीन को लेकर कोर्ट में मामला चल रहा था और मृतक कोर्ट में मामले की पैरवी करता था इसी वजह से उसकी हत्या कर दी गई। घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस अधीक्षक सागर कुमार,अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी गौतम कुमार,थाना अध्यक्ष संदीप कुमार सहित अन्य पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे और उनके द्वारा जांच की गई।

पुलिस ने क्या कहा?

पुलिस अधीक्षक सागर कुमार ने प्रेस विज्ञप्ति जारी कर बताया कि मृतक के परिजन के बयान पर पुलिस के द्वारा मामला दर्ज किया गया है। उन्होंने कहा कि चोरी के दरम्यान रंगे हाथ पकड़कर ग्रामीणों ने पिटाई की जहां इलाज कराने के क्रम में उसकी मौत हो गई। सागर कुमार ने बताया कि 6 लोगों को अभी तक हिरासत में लिया गया है और पूछताछ जारी है। पुलिस अधीक्षक ने कहा कि अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी हेतु विशेष टीम का गठन किया गया है।

(रिपोर्ट- राजेश दुबे)

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। बिहार से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।