1. Hindi News
  2. बिहार
  3. सामने आया छपरा गोलीकांड का Video, रायफल और पिस्टल से फायरिंग करते दिखे लोग

सामने आया छपरा गोलीकांड का Video, रायफल और पिस्टल से फायरिंग करते दिखे लोग

 Reported By: Nitish Chandra, Edited By: Subhash Kumar
 Published : May 23, 2024 02:26 pm IST,  Updated : May 23, 2024 03:02 pm IST

सारण लोकसभा सीट के छपरा में चुनाव के बाद हुई हिंसा का एक और वीडियो सामने आया है। वीडियो उसी चौक के पास का है जहां पर फायरिंग की घटना हुई थी।

छपरा गोलीकांड।- India TV Hindi
छपरा गोलीकांड। Image Source : INDIA TV

20 मई को देश में लोकसभा चुनाव 2024 के पांचवें फेज की वोटिंग संपन्न हुई। हालांकि, इस वोटिंग के बाद बिहार की सारण लोकसभा सीट पर बड़ी हिंसा देखने को मिली। दो गुटों के बीच हुई झड़प में यहां गोलियां चलीं जिसमें एक राजद कार्यकर्ता की मौत हो गई और दो लोग घायल हो गए। आपको बता दें कि ये घटना छपरा के भिखारी ठाकुर चौक की है। वोटिंग के दिन लालू यादव की बेटी और सारण सीट से प्रत्याशी रोहिणी आचार्य क्षेत्र के बूथ पर पहुंचीं थीं। यहां लोगों ने उनका जमकर विरोध किया था। इसी के बाद क्षेत्र में हिंसा फैल गई। अब इस हिंसा और गोलीबारी का एक और वीडियो सामने आया है जिसमें लोग गोलियां चलाते हुए दिखाई दे रहे हैं। 

सामने आया फायरिंग का वीडियो

छपरा गोलीकांड का एक और वीडियो सामने आया है। वीडियो छपरा के उसी भिखारी ठाकुर चौक के पास का है जहां पर फायरिंग की घटना हुई थी। पोस्टर बैनर दिख रहा है उसमें पता भिखारी ठाकुर चौक छपरा लिखा हुआ है। इस मामले में गिरफ्तार किये गए बीजेपी नेता रमाकांत सोलंकी के घर के करीब ही सड़क से भिखारी ठाकुर चौक की तरफ बढ़ते लोगों की तरफ से फायरिंग की जा रही है। हरे रंग की बिल्डिंग भी सोलंकी परिवार की है जो वीडियो में दिख रहा है।

अब तक क्या कार्रवाई हुई?

वीडियो में दिख रहे लोगों के आधार पर ही पुलिस ने रमाकांत सोलंकी और उसके भाई रविकांत को गिरफ्तार किया है। जानकारी के मुताबिक, पुलिस को सीसीटीवी फुटेज भी मिला है। पुलिस ने इस मामले में अब तक 12 नामजद, 50 अज्ञात लोगों को खिलाफ केस दर्ज किया है। इनमें से 2 को गिरफ्तार कर लिया गया है। FIR में दर्ज सभी नामजद आरोपी राजपूत ही हैं। अज्ञात लोगों में भी ज्यादातर एक ही गुट के लोगों के नाम शामिल हैं। 

रोहिणी पर भी केस दर्ज?

दरअसल, वोटिंग के दिन रोहिणी सारण के भिखारी चौक पोलिंग बूथ पर दो बार पहुंची थीं। चश्मदीदों के मुताबिक दूसरी बार रोहिणी को देखकर बीजेपी समर्थक भड़क गए और नारेबाजी शुरू कर दी। इस दौरान रोहिणी पर बीजेपी समर्थकों को डराने धमकाने के आरोप लगे। उनपर वोटिंग प्रभावित करने का आरोप भी लगा। बूथ पर रोहिणी आचार्य के विरोध से नाराजगी फैल गई और वोटिंग के दौरान नारेबाजी और पथराव भी हुआ। अब इस मामले में छपरा नगर थाना में केस नंबर 349/2024 दर्ज हुआ है। रोहिणी के खिलाफ धारा 307,171C,188,ROP Act के तहत मामला दर्ज किया गया है। ये सभी गैर जमानती धारा हैं। 

ये भी पढ़ें- लालू यादव की बेटी रोहिणी आचार्य के खिलाफ संगीन धाराओं में FIR, सारण पोलिंग बूथ पर बवाल से जुड़ा है मामला

सारण में क्यों चली गोली, रोहिणी आचार्य पर क्या है आरोप, क्यों राजपूत vs यादव हुआ मामला?

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। बिहार से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।