1. Hindi News
  2. बिहार
  3. आंधी-बारिश से बचने गया था बरगद के नीचे, हो गई मौत; मोतिहारी हादसे से सीखें, तूफान में कभी न करें ये गलती

आंधी-बारिश से बचने गया था बरगद के नीचे, हो गई मौत; मोतिहारी हादसे से सीखें, तूफान में कभी न करें ये गलती

 Published : May 29, 2026 04:34 pm IST,  Updated : May 29, 2026 04:35 pm IST

मोतिहारी में बीते शाम आई तेज आंधी और बारिश ने भारी तबाही मचाई। इस मौसमी कहर से बचने के लिए बरगद के पेड़ के नीचे खड़े एक युवक की जान चली गई।

पेड़ गिरने से युवक की...- India TV Hindi
पेड़ गिरने से युवक की मौत। Image Source : REPORTER INPUT

बिहार के मोतिहारी में आंधी-तूफान के साथ हुई तेज बारिश में पेड़ के नीचे छुपने गए युवक की दर्दनाक मौत हो गई। मृतक युवक अपने खेत से मक्का बोरे में भरकर बाइक से घर ले जा रहा था तभी अचानक तेज रफ्तार में आंधी तूफान के साथ बारिश होने लगी। इस बीच रास्ते में वह एक बरगद के पेड़ के पास छुप गया था कि पेड़ की भारी डाल उसके ऊपर गिर गई। 

घटना पहाड़पुर थाना क्षेत्र के सिसवा मलदहिया गांव के समीप निर्माणाधीन रेलवे लाइन के पास की है। मृतक की पहचान सिसवा मलदहिया निवासी जमादार सिंह के 40 वर्षीय पुत्र मनोज सिंह के रूप में हुई है। घटना की सूचना मिलते ही गांव में कोहराम मच गया और बड़ी संख्या में ग्रामीण घटनास्थल पर पहुंच गए।

पेड़ की डाल के नीचे दबने से हुई मौत

जानकारी के अनुसार मनोज सिंह अपने खेत से भुट्टे बोरे में भरकर बाइक से घर लौट रहे थे। इसी दौरान अचानक तेज बारिश शुरू हो गई। बारिश से बचने के लिए वे रेलवे लाइन के पास स्थित एक बरगद के पेड़ के नीचे रुक गए। तभी अचानक पेड़ की एक भारी डाल टूटकर उनके ऊपर गिर गई। डाल के नीचे दबने से उनकी मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई।

परिवार में मचा कोहराम

घटना के बाद आसपास मौजूद लोगों ने शोर मचाया और ग्रामीण मौके पर पहुंचे। लोगों ने उन्हें बाहर निकालने की कोशिश की, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी। हादसे के बाद परिवार में चीख-पुकार मच गई है, जबकि पूरे गांव में शोक का माहौल है। सूचना मिलने पर पहाड़पुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। प्रशासन आगे की कार्रवाई में जुटा हुआ है।

तेज हवा के दौरान पुराने पेड़ों के नीचे रुकना खतरनाक

ग्रामीणों का कहना है कि बारिश और तेज हवा के दौरान पुराने पेड़ों के नीचे रुकना खतरनाक साबित हो सकता है। बता दें कि पिछले सप्ताह हरसिद्धि के गायघाट चौक के पास भी बरगद की डाल गिरने से मजदूर महेंद्र महतो की मौत हो गई थी।

आंधी-तूफान और तेज बारिश में रास्ते में फंस जाएं तो क्या करें?

  • अगर पैदल जा रहे हो या बाइक पर हो तो जितनी जल्दी हो सके पक्की छत वाली जगह (घर, दुकान, शेड) में चले जाएं।
  • पेड़ के नीचे कभी न छुपें खासकर बरगद, पीपल जैसे बड़े पुराने पेड़। (मोतिहारी हादसे का सबसे बड़ा कारण यही है।)
  • अगर बाइक/कार पर हैं और रास्ते में हैं तो तुरंत साइड में गाड़ी रोक लें  सड़क के किनारे सुरक्षित जगह पर खड़ी करें, जहां पेड़, बिजली के खंभे, होर्डिंग या ऊंची इमारत न हो।
  • कार में ही रहें (सबसे सुरक्षित)  खिड़कियां बंद रखें। इंजन बंद कर दें। हेजर्ड लाइट (इमरजेंसी लाइट) ऑन कर दें। स्टेयरिंग, डोर हैंडल या कोई मेटल पार्ट न छुएं।
  • वाहन की स्पीड कम रखें। हेडलाइट ऑन रखें (डिपर में) और आगे वाले वाहन से पर्याप्त दूरी रखें। ब्रेक को धीरे-धीरे लगाएं।

(रिपोर्ट- अरविन्द कुमार)

यह भी पढ़ें-

इस साल मानसून में होगी सामान्य से कम बारिश, IMD ने जारी किया अलर्ट; पढ़ें ताजा अपडेट

आंधी-तूफान से बिहार में थमी वंदे भारत एक्सप्रेस की रफ्तार, पटना साहिब स्टेशन पर 2 घंटे खड़ी रही ट्रेन

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। बिहार से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।