1. Hindi News
  2. बिहार
  3. मुजफ्फरपुर में RJD विधायक के ड्राइवर की पीट-पीटकर हत्या, घर के बाहर फेंका शव, चोट वाली जगह से चमड़ी और मांस तक निकला

मुजफ्फरपुर में RJD विधायक के ड्राइवर की पीट-पीटकर हत्या, घर के बाहर फेंका शव, चोट वाली जगह से चमड़ी और मांस तक निकला

 Published : Mar 05, 2026 09:47 pm IST,  Updated : Mar 05, 2026 09:47 pm IST

मृतक सूरज कुमार, राजद विधायक शंकर प्रसाद यादव का निजी ड्राइवर था। अज्ञात अपराधियों ने उसकी बेरहमी से पिटाई कर हत्या कर दी और शव को उसके घर के बाहर फेंककर फरार हो गए।

मृतक की फाइल फोटो।- India TV Hindi
मृतक की फाइल फोटो। Image Source : REPORTER INPUT

बिहार के मुजफ्फरपुर में राजद विधायक शंकर प्रसाद यादव के निजी ड्राइवर की पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। होली के दिन हुई इस वारदात से इलाके में सनसनी फैल गई। घटना पारू थाना क्षेत्र के बिशनपुर गोपाल गांव की बताई जा रही है।

घर के बाहर पड़ा मिला शव

मृतक की पहचान सूरज कुमार के रूप में हुई है, जो राजद विधायक शंकर प्रसाद यादव का निजी ड्राइवर था। बताया जा रहा है कि अज्ञात अपराधियों ने उसकी बेरहमी से पिटाई कर हत्या कर दी और शव को उसके घर के बाहर फेंककर फरार हो गए। परिजनों के अनुसार, होली के दिन सूरज मीट लेकर अपने ससुराल गया था। वहां से शाम को लौटने के बाद उसने गांव में लोगों के साथ होली खेली। रात में परिवार वालों को लगा कि वह गांव में ही कहीं होगा। परिवार के सभी लोग बथान पर थे। आधी रात को जब वे घर पहुंचे तो सूरज दरवाजे पर पड़ा मिला।

शरीर पर बेरहमी से पिटाई के निशान

परिजनों ने उसे जगाने की कोशिश की, लेकिन वह बेहोश था। आनन-फानन में उसे पारू पीएचसी ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। बताया जा रहा है कि सूरज के शरीर पर बेरहमी से पिटाई के कई निशान थे। कई जगहों पर गंभीर जख्म थे और चोट वाली जगह से चमड़ी और मांस तक निकल गया था।

परिजनों में मचा चीत्कार

सूचना मिलने के बाद पारू थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। परिजनों के बयान के आधार पर पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। फिलहाल हत्या किसने और क्यों की, इसका कारण अभी स्पष्ट नहीं हो पाया है। सूरज की मौत की खबर से पत्नी रंभा देवी बेसुध हो गई। परिजनों में चीत्कार मचा हुआ है। पुलिस हर बिंदु पर जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का खुलासा हो पाएगा। 

(रिपोर्ट- संजीव कुमार)

यह भी पढ़ें-

मामूली कहासुनी हुई और दोस्त के सिर पर पत्थर दे मारा, मौके पर ही तोड़ा दम; सिरोही के झाड़ोली वीर में दोस्ती का कत्ल

दोस्त के साथ होली मनाने जा रहा था विजय, रोडरेज में बाइक सवार बदमाशों ने गोलियों से भूना

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। बिहार से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।