1. Hindi News
  2. बिहार
  3. न्‍यूज
  4. बिहार: समस्तीपुर में चलती ट्रेन से उतरने के दौरान फिसला पैर, दो सगी बहनों की मौत

बिहार: समस्तीपुर में चलती ट्रेन से उतरने के दौरान फिसला पैर, दो सगी बहनों की मौत

 Edited By: Bhasha
 Published : Sep 12, 2019 02:17 pm IST,  Updated : Sep 12, 2019 02:17 pm IST

बुधवार को बिहार के समस्तीपुर जिला के दलसिंहसराय रेलवे स्टेशन पर ट्रेन से उतरने के दौरान दो सगी बहनों की मौत हो गयी।

SAMASTIPUR RAILWAY STATION- India TV Hindi
SAMASTIPUR RAILWAY STATION

समस्तीपुर: आजकल लोग इतनी जल्‍दी में रहते है कि एक छोटी सी लापरवाही की वजह से अपनी जिंदगी से हाथ धो बैठते है। ऐसी ही एक घटना बिहार के समस्तीपुर जिले से आई है इसमें दो सगी बहनें चलती ट्रेन से उतरने का प्रयास कर रही थी, ले‍किन पैर फिसलने के चलते उनकी मौत हो गई। घटना बिहार के समस्तीपुर जिला के दलसिंहसराय रेलवे स्टेशन की है। स्‍टेशन पर ट्रेन से उतरने के दौरान दो सगी बहनों की मौत हो गयी।

दलसिंहसराय रेलवे स्टेशन के आरपीएफ निरीक्षक धनंजय कुमार ने बताया कि मृतकों की पहचान सीमावर्ती जिला बेगूसराय के भगवानपुर थाना अंतर्गत बगरस गांव निवासी श्याम बिहारी महतो की पुत्री मौसम कुमारी (23) व रजनी कुमारी (20) के रूप में की गई है। धनंजय कुमार ने बताया कि दोनों बहनें दलसिंहसराय के राष्ट्रीय उच्चपथ संख्या 28 के समीप स्थित एक निजी ITI संस्थान की छात्रा थीं। दोनों बहन बुधवार को हर रोज की तरह अपने संस्थान जाने के लिए तेघडा रेलवे स्टेशन पर रांची से जयनगर जाने वाली एक ट्रेन में सवार हो गयीं जिसका दलसिंहसराय पर ठहराव नहीं है।

दोनों बहनों ने दलसिंहसराय स्टेशन पर ट्रेन की रफ्तार कम होते देख ट्रेन से उतरने का प्रयास किया। इस दौरान वे प्लेटफार्म पर गिरकर गंभीर रूप से जख्मी हो गईं। धनंजय कुमार ने बताया कि तत्काल दोनों बहनों को इलाज के लिए दलसिंहसराय अनुमंडलीय अस्पताल पहुंचाया गया जहां इलाज के दौरान दोनों की मौत हो गई।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। News से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें बिहार