बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की आरा में 25 मार्च को हुई समृद्धि यात्रा का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। नीतीश मंच पर बैठे हुए हैं। सामने एक लड़का हाथ में पोस्टर लिए खड़ा है, जिसमें लिखा है- आदरणीय नीतीश जी कृपया मुख्यमंत्री पद न छोड़ें। आपकी बिहार को आवश्यकता है।
नीतीश की नजर इस पोस्टर पर पड़ी तो उन्होंने एक सुरक्षाकर्मी से इशारे में कहा कि उस पोस्टर को लेकर मेरे पास आओ। इस दौरान नीतीश मुस्कुरा रहे थे। अंदर से थोड़ा भावुक भी दिख रहे थे।
बापू सभागार में गिनाईं उपलब्धियां
वहीं, मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने अपनी समृद्धि यात्रा के अंतिम दिन पटना के बापू सभागार से बिहार के विकास का नया रोडमैप पेश किया। अपने संबोधन में सीएम ने बुनियादी ढांचे, महिला सशक्तिकरण और स्वास्थ्य के क्षेत्र में हुए कार्यों का ब्योरा देते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सहयोग की भी जमकर सराहना की।
नीतीश कुमार ने कहा कि उनका लक्ष्य बिहार के किसी भी कोने से 5 घंटे में पटना पहुंचना था, जिसे अब और भी सुगम बना दिया गया है। बड़ी संख्या में रेल ब्रिज, बाईपास और एलिवेटेड रोड का निर्माण हुआ है। सीएम ने याद दिलाया कि 2018 में ही हर घर बिजली पहुंचा दी गई थी और अब सरकार मुफ्त में सोलर पैनल लगवा रही है।
विपक्ष पर सीधा हमला बोलते हुए नीतीश कुमार ने कहा, "पिछली सरकार ने महिलाओं के लिए कुछ नहीं किया। जब पति (लालू यादव) हटे तो अपनी पत्नी (राबड़ी देवी) को कुर्सी पर बैठा दिया, लेकिन महिलाओं के उत्थान पर ध्यान नहीं दिया।"
उन्होंने कहा कि बिहार पहला राज्य है, जहां पंचायती राज और नगर निगम में महिलाओं को 50% आरक्षण दिया गया। साथ ही, पुलिस भर्ती में 35% आरक्षण के कारण आज बिहार में महिला पुलिसकर्मियों की संख्या देश में सबसे अधिक है। सीएम ने बताया कि 2006 में शुरू हुई जीविका समूह की संख्या अब 11 लाख हो गई है, जिससे 1.69 करोड़ महिलाएं जुड़ी हैं।
गरीब परिवारों को बड़ी आर्थिक मदद
जाति आधारित गणना का जिक्र करते हुए सीएम ने कहा कि बिहार में 94 लाख गरीब परिवार पाए गए हैं। इन परिवारों को आत्मनिर्भर बनाने के लिए पहले 2 लाख रुपये देने की योजना थी, जिसे अब और बढ़ाने का फैसला लिया गया है। वहीं वृद्धजनों की पेंशन भी 400 रुपये से बढ़ाकर 1100 रुपये कर दी गई है।
ये भी पढ़ें-
भारत के इस पड़ोसी देश में कांपी धरती, दहशत में घरों से बाहर निकले लोग; इतनी रही तीव्रता