बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने रविवार को सीतामढ़ी जिले के पुनौरा धाम में प्रस्तावित जानकी मंदिर के अंतिम डिजाइन को शेयर किया है। इस स्थान को देवी सीता का जन्मस्थान माना जाता है। सरकार ने इसके पुनर्विकास कार्यों में तेजी लाने के लिए एक न्यास (ट्रस्ट) का भी गठन किया है।
CM ने बिहारवासियों के लिए गौरव बताया
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने सोशल मीडिया मंच X पर कई तस्वीरें शेयर करते हुए अपनी खुशी जाहिर की। उन्होंने लिखा, "मुझे बताते हुए अत्यंत प्रसन्नता हो रही है कि जगत जननी मां जानकी की जन्मस्थली पुनौरा धाम, सीतामढ़ी को समग्र रूप से विकसित करने के लिये भव्य मंदिर सहित अन्य संरचनाओं का डिजाइन अब तैयार हो गया है, जिसे आपके साथ साझा किया जा रहा है।" उन्होंने यह भी बताया कि निर्माण कार्य में तेजी लाने के लिए एक ट्रस्ट का गठन किया गया है और राज्य सरकार पुनौरा धाम में भव्य मंदिर निर्माण शीघ्र पूरा करने के लिए प्रतिबद्ध है। नीतीश कुमार ने इसे सभी बिहारवासियों के लिए गौरव और सौभाग्य की बात बताया।
अयोध्या राम मंदिर के सलाहकार को मिली थी जिम्मेदारी
हाल ही में बिहार मंत्रिमंडल ने "पुनौरा धाम जानकी मंदिर" के विकास के लिए डिजाइन सलाहकार के तौर पर नोएडा की एक निजी कंपनी को जिम्मेदारी देने की मंजूरी दी थी। यह वही संगठन है जो अयोध्या में राम मंदिर की मास्टर प्लानिंग और वास्तुकला सेवाओं के लिए सलाहकार था।
विकास योजना के लिए आवंटित बजट
देश-विदेश से बड़ी संख्या में श्रद्धालु पुनौरा धाम आते हैं। राज्य मंत्रिमंडल ने मंदिर के समग्र विकास के लिए पहले ही 120 करोड़ रुपये मंजूर किए थे। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने 13 दिसंबर 2023 को पुनौरा धाम जानकी मंदिर के समग्र विकास की आधारशिला रखी थी।
नई विकास योजना में क्या-क्या है?
नई विकास योजना के तहत, राज्य सरकार 'सीता-वाटिका', 'लव-कुश वाटिका' विकसित करेगी। साथ ही परिक्रमा पथ, डिस्प्ले कियोस्क, कैफेटेरिया और बच्चों के लिए क्षेत्र का भी निर्माण कराएगी। राज्य सरकार के अनुसार, पुनौरा धाम को जोड़ने वाली सभी सड़कों का भी विकास किया जा रहा है। इसके अलावा, तीर्थ स्थल के चारों ओर थीम आधारित द्वार और पार्किंग क्षेत्र का निर्माण भी किया जा रहा है। (भाषा इनपुट के साथ)
ये भी पढ़ें-
ईरान के परमाणु कार्यक्रम पर रूस का बड़ा बयान, अमेरिकी हमले को बताया "गैर-जिम्मेदाराना"
राजा रघुवंशी हत्याकांड: जिस फ्लैट में रुकी थी सोनम, उस बिल्डिंग का गार्ड गिरफ्तार